Follow Us:

लोगों की मांग पर पालमपुर शहर को नगर निगम में स्तरोन्नत कियाः मुख्यमंत्री

|

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पालमपुर के दो दिवसीय दौरे पर यहां आए हैं। इस दौरान उन्होंने रोटरी क्लब पालमपुर में ‘बुद्धजीवी सम्मेलन’ के दौरान शहर के बुद्धिजीवियों के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले का पालमपुर शहर ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक एवं पर्यटन की दृष्टि से राज्य का एक महत्वपूर्ण शहर है। इसलिए राज्य सरकार ने पालमपुर शहर के लोगों की मांग पर इस शहर को नगर निगम में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। राज्य सरकार ने गत तीन वर्षों के दौरान राज्य में 379 नई पंचायतें, 7 नगर पंचायतें और तीन नगर निगमों का गठन किया है, ताकि लोगों की सक्रिय भागीदारी के साथ इन क्षेत्रों का समान और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

उन्होंने कहा कि पिछले 50 वर्षों के दौरान कांग्रेस ने केवल एक नगर निगम गठित किया। पालमपुर शहर में विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। नगर निगम बनने से पालमपुर शहर का नियोजित और व्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा। कुछ निहित स्वार्थी लोग, पालमपुर के लोगों को कथित करों के संबंध में गुमराह कर रहे।

जयराम ठाकुर ने कहा कि नए नगर निगम के क्षेत्र में आने वाले लोगों से आगामी तीन वर्षों तक कोई कर नहीं लिया जाएगा। राज्य सरकार पालमपुर शहर के पुराने गौरव को बरकरार रखने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शहर में बेहतर अधोसंरचना सुविधाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास भी किए जाएंगे।