Follow Us:

पिता ने बेटे पर लाइसेंसी बंदूक से किया फायर, आरोपी पिता हिरासत में

पालमपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान पिता ने बेटे पर लाइसेंसी बंदूक से फायर किया
बेटे ने खंभे की आड़ लेकर जान बचाई, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया
बीएनएस और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज, लाइसेंसी बंदूक और लाइसेंस जब्त


पालमपुर (कांगड़ा): हिमाचल प्रदेश के पालमपुर उपमंडल के सुकैड़ी जून गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है। पति-पत्नी के बीच हुए विवाद के बाद एक सेवानिवृत्त सैन्यकर्मी पिता पर अपने ही बेटे पर लाइसेंसी बंदूक से फायर करने का आरोप लगा है। गनीमत रही कि बेटा समय रहते खंभे की आड़ में चला गया, जिससे उसकी जान बच गई।

पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता सुरेंद्र सिंह, जो पेशे से ट्रक चालक हैं, 12 जुलाई की रात काम से घर लौटे थे। घर पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर उनकी पत्नी से कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर उनकी पत्नी अपने ससुर मिलाप चंद के कमरे में चली गई।

शिकायत के अनुसार कुछ देर बाद जब सुरेंद्र बाहर निकले तो उनके पिता मिलाप चंद, जो भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, लाइसेंसी बंदूक लेकर बरामदे में खड़े थे। आरोप है कि उन्होंने बेटे की ओर फायर कर दिया। सुरेंद्र ने तुरंत बरामदे के खंभे की ओट लेकर अपनी जान बचाई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि जब आरोपी दोबारा बंदूक में कारतूस भरने का प्रयास कर रहा था, तब सुरेंद्र ने कारतूस छीनकर दूर फेंक दिया और मौके से निकलकर 112 हेल्पलाइन पर पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर लाइसेंसी बंदूक तथा उसका लाइसेंस जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला घरेलू विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि गोली बेटे को निशाना बनाकर चलाई गई थी या हवाई फायर किया गया था। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।