➤ धाम खाने के बाद 30 से अधिक ग्रामीण उल्टी-दस्त से बीमार
➤ 8 मरीज सीएचसी धीरा में भर्ती, गंभीर को भवारना रेफर
➤ दूषित पानी की आशंका, बावड़ी से सैंपल लिए जाएंगे
विधानसभा क्षेत्र सुलह की ग्राम पंचायत पनापर में एक शादी समारोह के बाद डायरिया फैलने से हड़कंप मच गया। धाम खाने के कुछ घंटों बाद ही ग्रामीणों में उल्टी-दस्त की शिकायतें शुरू हो गईं। अपर पनापर गांव के 30 से अधिक लोग इसकी चपेट में आए हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं।
शनिवार देर रात से मरीजों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो रविवार दोपहर तक जारी रहा। सीएचसी धीरा में 30 लोगों की जांच हुई, जिनमें से 8 की हालत गंभीर होने पर उन्हें भर्ती किया गया। बेड सीमित होने के कारण कुछ गंभीर मरीजों को भवारना अस्पताल रेफर किया गया है।
स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आयुर्वेदिक औषधालय पनापर में अस्थायी मेडिकल कैंप स्थापित किया है। बीएमओ भवारना डॉ. नवीन राणा टीम के साथ घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रहे हैं। हल्के लक्षण वाले मरीजों को दवाइयां देकर घर पर आराम की सलाह दी गई है, जबकि गंभीर मरीजों की अस्पताल में निगरानी हो रही है।
सीएमओ कांगड़ा डॉ. विवेक करोल के अनुसार सभी प्रभावितों को ओआरएस और जिंक की गोलियां वितरित की गई हैं। संक्रमण के कारणों का पता लगाने के लिए सोमवार को गांव की बावड़ी के पानी के सैंपल लिए जाएंगे, क्योंकि दूषित जल की आशंका भी जताई जा रही है। एक मरीज को पालमपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, शेष की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।



