Follow Us:

पं. सुखराम थे संचार क्रांति के मसीहा, कल होगा अंतिम संस्कार: अनिल शर्मा

पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम शर्मा के निधन को लेकर उनके बेटे एवं विधायक अनिल शर्मा ने कहा है आप सभी को बड़े ही दुखी मन से सूचित कर रहा हूं कि हम सबके प्रिय पंडित सुखराम जी अब इस दुनिया में नहीं रहे।

पी. चंद |

मंडी: पूर्व केंद्रीय मंत्री पंडित सुखराम शर्मा के निधन को लेकर उनके बेटे एवं विधायक अनिल शर्मा ने कहा है आप सभी को बड़े ही दुखी मन से सूचित कर रहा हूं कि हम सबके प्रिय पंडित सुखराम जी अब इस दुनिया में नहीं रहे। बीती रात करीब एक बजे उन्हें दिल्ली स्थित एम्स में फिर से दिल का दौरा पड़ा और इस कारण उनका देहांत हो गया है।

आज पंडित सुखराम जी के पार्थिव शरीर को सड़क मार्ग से दिल्ली से मंडी लाया जाएगा। कल 11 बजे सेरी मंच पर अंतिम दर्शन करवाए जाएंगे और उसके बाद उनका अंतिम संस्कार होगा। पंडित जी के जाने से सिर्फ हमारे परिवार को ही नहीं बल्कि मंडी सदर और पूरे प्रदेश को भारी आघात पहुंचा है। उन्हें संचार क्रांति का मसीहा और हिमाचल प्रदेश की राजनीति का चाणक्य कहा जाता था।

उन्होंने हमेशा पूरे प्रदेश को एक समान दृष्टि से देखा और विकास में कभी भेदभाव नहीं किया। पंडित जी ने प्रदेश के विकास में जो योगदान दिया है उसे कभी नहीं भुलाया जा सकता। आप हमेशा हमारे और प्रदेश सहित देश भर के लोगों के दिलों में रहोगे। आपके द्वारा लाई गई संचार क्रांति देश को हमेशा एक नई दिशा देती रहेगी।