➤ यमुना नदी में दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने के मामले में SIT गठित
➤ एसपी सिरमौर खुद पहुंचे पांवटा साहिब, जांच तेज
➤ फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में यमुना नदी से एक महीने के भीतर दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने के मामले ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। लगातार सामने आए इन मामलों के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली और बीते दिनों लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई थी। अब बढ़ते जनदबाव और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है।
इसी कड़ी में एसपी सिरमौर निश्चिंत सिंह नेगी स्वयं पांवटा साहिब पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों की गहन और निष्पक्ष जांच के लिए विशेष जांच टीम यानी SIT का गठन कर दिया गया है। यह टीम मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच करेगी।
एसपी ने स्पष्ट कहा कि पुलिस किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं कर रही है। घटनाओं से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की जांच की जा रही है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। उन्होंने बताया कि दोनों मामलों में फॉरेंसिक रिपोर्ट भी मंगवाई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद कई अहम पहलुओं पर स्थिति साफ हो सकती है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि एक महीने के भीतर यमुना नदी से दो नाबालिग लड़कियों के शव मिलने के बाद क्षेत्र में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से जल्द खुलासा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने यह भी आरोप लगाए थे कि मामले की जांच में तेजी नहीं दिखाई जा रही।
अब SIT गठन के बाद लोगों को उम्मीद है कि मामले में जल्द सच्चाई सामने आएगी। पुलिस की जांच पर पूरे क्षेत्र की नजरें टिकी हुई हैं।



