➤ पांवटा साहिब में यमुना नदी में नहाने गए तीन युवक डूबे
➤ दो सगे भाई और एक दोस्त नदी के तेज बहाव में बहे, गोताखोर तलाश में जुटे
➤ हरिद्वार से देवता स्नान करके लौटे थे तीनों युवक, हादसे से गांव में मातम
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ, जब यमुना नदी में नहाने उतरे तीन युवक तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11:30 बजे के आसपास यह हादसा पेश आया। सबसे पहले अमित (23) पुत्र जोगी राम नदी में नहाने उतरा, लेकिन गहराई और तेज धारा में फंस गया। उसे बचाने के लिए पीछे से कमलेश (22) पुत्र प्रेम सिंह और उसका छोटा भाई रजनीश (20) नदी में कूद गए, लेकिन दोनों भी तेज बहाव की चपेट में आ गए। देखते ही देखते तीनों नदी में बह गए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने तीनों को नदी में काफी दूर तक बहते देखा, लेकिन तेज धार के कारण कोई भी उन्हें बचा नहीं पाया। हादसे के बाद से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
तीनों युवक शिलाई क्षेत्र के ग्वाली गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गांव के लोग अपने कुल देवता के स्नान के लिए हरिद्वार गए हुए थे और बीती शाम ही पांवटा लौटे थे। मंगलवार सुबह जब अमित ने नदी में नहाने का निर्णय लिया तो यह दर्दनाक घटना हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा और डीएसपी मानवेंद्र ठाकुर मौके पर पहुंचे। पुलिस और प्रशासन ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया। SHO पांवटा साहिब देवी सिंह नेगी ने बताया कि गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन चल रहा है, लेकिन पानी के तेज बहाव और अधिक मात्रा के कारण अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। तीनों युवकों के घरों में मातम पसरा हुआ है। लोग प्रार्थना कर रहे हैं कि प्रशासन जल्द से जल्द लापता युवकों का पता लगाए।



