Pehchaan Special School cultural tour: अक्षम बच्चों को समाज के अनुसार सक्षम बनाने के उद्देश्य से पिछले दस वर्षों से कार्यरत पहचान स्पेशल स्कूल ने अपनी अनूठी पहल को जारी रखते हुए जूनियर विंग के विशेष बच्चों को एक दिवसीय टूर पर ले जाया। बच्चों को लंबलू और गसोता महादेव मंदिर की यात्रा कराई गई, जहां उन्हें अपनी संस्कृति से जुड़ने और समाज के विशिष्ट वर्ग से मिलने का अवसर मिला।
यह यात्रा विशेष बच्चों के लिए एक प्रेरणादायक अनुभव रही। बच्चों में यात्रा को लेकर उत्साह देखते ही बनता था। उन्होंने पिकनिक पर न केवल आनंद लिया, बल्कि नई चीज़ें सीखने का भी मौका मिला। इस प्रकार की गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास और समाज से जुड़ने की क्षमता का विकास होता है।

संचालिका चेतना शर्मा ने बताया कि विशेष बच्चों के संपूर्ण विकास के लिए इस तरह की गतिविधियां बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य विशेष बच्चों को हर प्रकार से प्रोत्साहित करना और उन्हें विभिन्न सामाजिक एवं शारीरिक माहौल में ढालना है। टीम वर्क, आत्मनिर्भरता और सामाजिक सामंजस्य जैसे गुण इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में विकसित होते हैं।”
चेतना शर्मा ने आगे कहा कि पहचान स्पेशल स्कूल न केवल विशेष बच्चों की शिक्षा और कौशल में सुधार पर काम करता है, बल्कि उन्हें समाज के साथ जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। भविष्य में भी ऐसे आयोजन स्कूल द्वारा होते रहेंगे ताकि बच्चों के व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित किया जा सके।



