Follow Us:

पिंजौर के ग्रामीणों ने बद्दी बैरियर पर लगाया जाम, एंट्री टैक्स बढ़ोतरी पर फूटा गुस्सा

बद्दी बैरियर पर ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन, एक घंटे तक यातायात ठप
एंट्री टैक्स 70 से बढ़ाकर 170 रुपए किए जाने पर फूटा गुस्सा
सीमावर्ती गांवों के लिए किफायती सालाना पास की मांग, आंदोलन तेज करने की चेतावनी


कालका/पंचकूला। हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा एंट्री टैक्स में भारी बढ़ोतरी किए जाने के विरोध में पंचकूला जिले के पिंजौर दून क्षेत्र के ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को सड़कों पर फूट पड़ा। सीमावर्ती गांवों के लोगों ने बद्दी-बरोटीवाला बैरियर पर धरना प्रदर्शन करते हुए करीब एक घंटे तक जाम लगाया, जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

ग्रामीणों का कहना है कि सरकार ने हिमाचल में प्रवेश के लिए लगने वाला शुल्क 70 रुपए से बढ़ाकर 170 रुपए कर दिया है, जो 1 अप्रैल से लागू होगा। इस फैसले का सबसे बड़ा असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो हर दिन नौकरी, व्यापार, मजदूरी और निजी कार्यों के लिए कई बार बद्दी-बरोटीवाला क्षेत्र में आते-जाते हैं।

धरना स्थल पर पूर्व चेयरमैन राजेश कोना, मढांवाला पंचायत के पूर्व सरपंच हरबंस लाल, बीडीसी सदस्य मनदीप और रविकांत सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सरकार के फैसले को जनविरोधी और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाने वाला कदम बताया।

ग्रामीणों ने कहा कि मढांवाला, कोना, खोखरा, नवांनगर, खेड़ा वाली, करणपुर और प्रेमपुरा जैसे सीमावर्ती गांवों के लोग रोजाना हिमाचल की औद्योगिक बेल्ट में काम के लिए जाते हैं। ऐसे में टैक्स में इतनी बड़ी बढ़ोतरी से उनकी मासिक आय पर सीधा असर पड़ेगा। खासकर नौकरीपेशा और दिहाड़ी मजदूरों के लिए यह फैसला बेहद मुश्किलें खड़ी करेगा।

प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग है कि सीमा से लगे 7 से 8 गांवों के निवासियों के लिए आधार कार्ड के आधार पर किफायती दरों पर सालाना पास जारी किया जाए, ताकि उन्हें रोजाना बढ़े हुए टैक्स का भुगतान न करना पड़े। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और जिला प्रशासन के समक्ष भी समस्या उठाई है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से लंबी बातचीत की। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि समझाइश और उच्च अधिकारियों से वार्ता के बाद जाम खुलवाया गया। इस दौरान बरोटीवाला के थाना प्रभारी और डीएसपी को भी मौके पर बुलाया गया। अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।

हालांकि प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि फिलहाल यह केवल सांकेतिक धरना था। यदि उनकी मांगों पर जल्द फैसला नहीं लिया गया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।