Follow Us:

जून में प्रधानमंत्री करेंगे कीरतपुर-मनाली फोरलेन का उद्घाटन: जयराम ठाकुर

|

मंडी: कीरतपुर से मनाली तक बन रहा फोरलेन प्रोजेक्ट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रदेश वासियों के लिए बड़ा तोहफा है। यह परियोजना सामरिक एवं पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। निश्चित तौर पर इस ऐतिहासिक सौगात से प्रदेशवासियों के जीवन में परिवर्तन होने वाला है और यहां के पर्यटन व्यवसाय को नए पंख लगने वाले हैं। ये संभव हुआ है हमारे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन और दृढ़ इच्छाशक्ति से। जल्द ही अगले महीने प्रधानमंत्री जी का हिमाचल आकार ये सौगात जनता को समर्पित करने का कार्यक्रम तय हो रहा है। यह बात नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को इस प्रोजेक्ट पर हणोगी से झलोगी तक बनी पांच टनलों का अवलोकन करने के उपरांत कही। इन टनलों को हाल ही में यातायात के लिए खोला गया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि इस प्रोजेक्ट के बनने से न सिर्फ सामरिक दृष्टि से सेना को लाभ पहुंचेगा बल्कि प्रदेश के पर्यटन कारोबार में भी चार चांद लगेंगे। स्थानीय लोगों के जीवन में भी इससे परिवर्तन आएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस प्रोजेक्ट के उद्घाटन का आग्रह किया गया है। इसका कार्य पूरा होते ही इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। यह प्रधानमंत्री की तरफ से प्रदेश के लोगों के लिए बड़ा तोहफा होगा। जयराम ठाकुर ने कहा कि इस प्रोजेक्ट का कार्य अंतिम चरणों में है। एनएचएआई इसे जल्द से जल्द पूरा करने का प्रयास कर रही है। इन टनलों के बन जाने से अब प्रदेश के लोगों के लिए चंडीगढ़ पहुंचना मुश्किल नहीं बल्कि आसान हो जाएगा। जहां चंडीगढ़ के लिए 5 से 6 घंटे का सफर तय करना पड़ता था। वहीं अब उससे लगभग आधा समय ही लगा करेगा।

इस मौके पर जयराम ठाकुर ने टनलों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। यहां तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों से बातचीत करके सारी जानकारी हासिल की। इसके अलावा उन्होंने पर्यटकों से भी उनका कीरतपुर से कुल्लू तक टनल से सफ़र का अनुभव बारे जानकारी ली तो सभी पर्यटक उनका आभार करते दिखे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का शानदार और आरामदायक सफ़र के लिए धन्यवाद किया। जयराम ठाकुर के साथ जिला के अन्य विधायक राकेश जंबाल, विनोद कुमार, त्रिलोक जंबाल, इंद्र सिंह गांधी, दलीप ठाकुर, सुरेंद्र शौरी व अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।