Follow Us:

आपदा प्रभावित हिमाचल का एरियल सर्वे कर रहे पीएम मोदी, चंबा से गुजरे चौपर , धर्मशाला में होगी बैठक

आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे पीएम मोदी
गगल एयरपोर्ट पर सीएम सुक्खू व अधिकारियों संग समीक्षा बैठक
5,000 करोड़ के नुकसान पर हिमाचल को स्पेशल पैकेज की उम्मीद


हिमाचल प्रदेश प्राकृतिक आपदा से जूझ रहा है और इसी दर्द को बांटने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। प्रधानमंत्री सबसे पहले कांगड़ा स्थित गगल एयरपोर्ट पर उतरे, जहां वह मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुए नुकसान का जायजा ले रहे हैं । इसके बाद प्रधानमंत्री चंबा, मंडी और कुल्लू जिलों का हवाई निरीक्षण करेंगे। करीब साढ़े 12 बजे  चौपर चंबा के गुजरे।

कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री का विशेष विमान दोपहर 1:20 बजे गगल एयरपोर्ट पहुंचेगा। करीब 1:30 बजे से 2:15 बजे तक एयरपोर्ट पर बैठक होगी। इस बैठक में करीब 20 लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। बैठक के बाद पीएम हवाई सर्वे करेंगे और शाम को वापस लौट जाएंगे।

पीएम के दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। लगभग 400 पुलिस जवान तैनात रहेंगे और ड्रोन निगरानी की जाएगी। इसके साथ ही दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक कांगड़ा जिला नो फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। इस दौरान पैराग्लाइडिंग और अन्य हवाई गतिविधियों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश से अब तक 5,000 करोड़ रुपए का नुकसान हो चुका है। इसी नुकसान की भरपाई और प्रभावितों की मदद के लिए वह प्रधानमंत्री से विशेष राहत पैकेज की मांग करेंगे। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि फॉरेस्ट राइट एक्ट में छूट देकर भूमिहीनों को एक बीघा जमीन देने का अनुरोध किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र से मैदानी राज्यों की तरह नहीं, बल्कि हिल स्टेट की परिस्थितियों को देखते हुए नियम बनाए जाएं।

राज्य सरकार ने इसके लिए एक मेमोरेंडम तैयार किया है, जिसे प्रधानमंत्री को सौंपा जाएगा। मुख्यमंत्री ने ट्वीट कर पीएम का स्वागत करते हुए लिखा, “हमारी सुंदर धरती आज भयंकर पीड़ा से गुजर रही है—घर उजड़ गए हैं, अपनों को खोने का दर्द गहरा है। प्रधानमंत्री का आगमन प्रदेशवासियों को राहत और उम्मीद देगा।”