Follow Us:

कांग्रेस पार्टी यदि फ़िर से हिमाचल कांग्रेस पार्टी की कमान मुझे देना चाहे तो मैं तन मन धन से जिम्मेदारी निभाने के लिए तैयार: प्रतिभा

➤प्रतिभा सिंह ने फिर से अध्यक्ष बनने की इच्छा जताई
➤सात माह से संगठन न बनने पर जताई चिंता
➤वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 15 जुलाई को

पराक्रम चंद, शिमला



Pratibha Singh Himachal Congress leadership: हिमाचल प्रदेश कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष प्रतिभा सिंह
ने साफ कर दिया है कि अगर पार्टी आलाकमान चाहे तो वे दोबारा भी प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने को पूरी तरह तैयार हैं। शिमला में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पहले भी आलाकमान द्वारा सौंपी जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाया है और आगे भी पार्टी संगठन को मजबूत करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि पिछले करीब सात महीनों से प्रदेश कांग्रेस का संगठन तय न होने से पार्टी लगातार कमजोर हो रही है। उन्होंने कहा, “कांग्रेस पीछे जा रही है और कार्यकर्ता असमंजस में हैं। जल्द ही एक मजबूत संगठन घोषित किया जाना जरूरी है ताकि आगामी पंचायत चुनावों में पार्टी दमदारी से मैदान में उतर सके।** प्रतिभा सिंह ने उम्मीद जताई कि कांग्रेस हाईकमान इस पर शीघ्र निर्णय लेगा।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही कह चुके हैं कि प्रतिभा सिंह के अध्यक्ष बने रहने से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। इससे प्रदेश की राजनीति में साफ संकेत मिल रहे हैं कि आलाकमान भी पुराने चेहरों पर भरोसा बनाए रखना चाहता है।

इसके साथ ही प्रतिभा सिंह ने जानकारी दी कि 15 जुलाई को शिमला के रिज मैदान पर पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण होगा। उन्होंने बताया कि पहले यह कार्यक्रम 23 जून को वीरभद्र सिंह के जन्मदिवस पर तय था, लेकिन राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की व्यस्तता के कारण इसे स्थगित किया गया।

प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में इन सभी नेताओं के शिमला आने की सहमति मिल चुकी है। प्रतिभा सिंह ने कहा, “यह केवल प्रतिमा का अनावरण नहीं होगा, बल्कि प्रदेशवासियों को यह संदेश भी जाएगा कि कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करना जानती है।