-
प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी के गठन को लेकर प्रतिभा सिंह दिल्ली जाकर प्रभारी रजनी पाटिल से करेंगी चर्चा
-
पंचायत चुनाव नजदीक, संगठन को मजबूत करने पर जोर
-
केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर लगाया आरोप, कहा— बजट को लेकर गलत आंकड़े पेश किए
Himachal Congress Committee Formation: सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री और विक्रमादित्य के बाद अब प्रतिभा सिंह भी दिल्ली का रूख करके संगठन की चर्चा आला कमान से करेंगी। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस कार्यकारिणी को भंग हुए तीन महीने से अधिक समय हो गया है, लेकिन नई कार्यकारिणी के गठन में अब तक देरी हो रही है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा है कि वह जल्द ही दिल्ली जाकर नव-नियुक्त कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल से मुलाकात करेंगी और कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया को तेज करने का अनुरोध करेंगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि संभावित पदाधिकारियों की लिस्ट तैयार कर दी गई है। इसे प्रदेश प्रभारी को सौंपा जाएगा। उन्होंने बताया कि रजनी पाटिल अभी दिल्ली से बाहर हैं। वह शिवरात्रि के बाद दिल्ली आएंगी। उनसे बात करने के वह दिल्ली जाएगी। मार्च के पहले सप्ताह में रजनी पाटिल का हिमाचल दौरा प्रस्तावित है।
प्रदेशाध्यक्ष ने कहा, वह कार्यकर्ताओं को एडजस्ट करने का मामला बार बार मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के सामने भी उठा चुकी हैं। जिन कार्यकर्ताओं की बदौलत सरकार बनी है, उन्हें रिवार्ड मिलना चाहिए।प्रतिभा ने कहा कि जिन्हें सरकार में पद नहीं मिल पाए, उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण ओहदों पर जगह दी जाएगी।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि नई कार्यकारिणी का गठन जल्द से जल्द होना जरूरी है, क्योंकि प्रदेश में पंचायत चुनाव भी नजदीक हैं। जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए यह अहम कदम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार बनाने में दिन-रात मेहनत की, उन्हें सरकार में उचित दायित्व मिलना चाहिए। इसके लिए वह मुख्यमंत्री से भी कई बार आग्रह कर चुकी हैं।
‘केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने बजट पर दिए गलत आंकड़े’
प्रतिभा सिंह ने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर हमला बोलते हुए कहा कि उन्होंने शिमला में आकर केंद्रीय बजट को लेकर झूठे आंकड़े पेश किए हैं। उन्होंने कहा कि हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है और हिमाचल को केंद्र से उतना सहयोग नहीं मिल रहा, जितना दावा किया जा रहा है।