Follow Us:

शिमला आरट्रैक सैन्य तैयारियां बढ़ाने के लिए लगन के साथ जारी रखे कार्य: राष्ट्रपति मुर्मू

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शिमला में ARTRAC मुख्यालय का दौरा किया
सेना की प्रशिक्षण प्रणाली और ऑपरेशनल तैयारियों की समीक्षा
आधुनिक तकनीक अपनाकर सेना को भविष्य के लिए तैयार करने पर जोर


भारत की राष्ट्रपति और सशस्त्र बलों की सर्वोच्च कमांडर द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को शिमला स्थित ARTRAC (Army Training Command) मुख्यालय का दौरा कर भारतीय सेना की प्रशिक्षण प्रणाली और ऑपरेशनल तैयारियों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सेना को भविष्य की चुनौतियों के अनुरूप ढालने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।

मुख्यालय पहुंचने पर राज्यपाल कविंद्र गुप्ता और जीओसी-इन-सी लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। सेना के वरिष्ठ अधिकारियों ने राष्ट्रपति को कमांड की भूमिका, उपलब्धियों और आधुनिक प्रशिक्षण पद्धतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि ARTRAC भारतीय सेना के लिए युद्ध सिद्धांत तैयार करने, आधुनिक संसाधनों के विकास और प्रशिक्षण संस्थानों के माध्यम से सैनिकों की दक्षता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। राष्ट्रपति को ड्रोन प्रशिक्षण, नई सैन्य तकनीकों के उपयोग, रेड टीमिंग और डिजिटलाइजेशन-ऑटोमेशन जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।

राष्ट्रपति ने इन पहलों की सराहना करते हुए कहा कि बदलते वैश्विक परिदृश्य में सेना की तैयारी केवल पारंपरिक तरीकों तक सीमित नहीं रह सकती। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीकों को अपनाकर सेना की ऑपरेशनल क्षमता को और मजबूत बनाना जरूरी है। उन्होंने ARTRAC की भूमिका को व्यापक बताते हुए कहा कि यह कमांड युद्ध अवधारणाओं के विकास, संसाधनों के सृजन और मित्र देशों की सेनाओं के साथ समन्वय में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

बताया गया कि ARTRAC के अंतर्गत संचालित 32 प्रमुख प्रशिक्षण संस्थान भारतीय सेना में पेशेवर उत्कृष्टता को नई दिशा दे रहे हैं। राष्ट्रपति ने लेफ्टिनेंट जनरल देवेंद्र शर्मा के साथ विभिन्न प्रशिक्षण पहलुओं पर चर्चा करते हुए कहा कि उच्च स्तरीय प्रशिक्षण ही राष्ट्रीय सुरक्षा की मजबूत नींव है

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने ARTRAC के सभी रैंकों और रक्षा क्षेत्र के असैन्य कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया।

पांच दिवसीय हिमाचल प्रवास के बाद राष्ट्रपति को शिमला के अनाडेल हेलीपैड पर गरिमापूर्ण विदाई दी गई। इस दौरान राज्यपाल, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, मुख्य सचिव संजय गुप्ता, पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

खराब मौसम के चलते राष्ट्रपति का अटल टनल रोहतांग और कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर का प्रस्तावित दौरा रद्द करना पड़ा। वहीं, राष्ट्रपति निवास में आयोजित कार्यक्रम भी बारिश के कारण प्रभावित हुआ।