Follow Us:

प्रियंका गांधी का मंडी दौरा रद्द, देवरी स्कूल के बच्चों को भेजा संदेश

खराब मौसम के कारण प्रियंका गांधी का मंडी दौरा रद्द, देवरी स्कूल नहीं पहुंच सकीं

प्रियंका ने संदेश भेजकर सितंबर में बच्चों से मिलने और नए भवन में कक्षाएं शुरू करने को कहा

4.30 करोड़ से तैयार स्कूल भवन के उद्घाटन को लेकर पहले भी दो बार टल चुका कार्यक्रम


शिमला। खराब मौसम के कारण कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का हिमाचल प्रदेश के मंडी स्थित देवरी स्कूल का दौरा मंगलवार को रद्द हो गया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण प्रियंका गांधी का हेलिकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका, जिसके चलते वह स्कूल नहीं पहुंच सकीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी ने देवरी स्कूल के बच्चों के लिए अपना संदेश भेजा है। उन्होंने संदेश में कहा है कि वह देवरी स्कूल जरूर आएंगी और सितंबर में मौसम खुलने के बाद कार्यक्रम बनाकर बच्चों से मुलाकात करेंगी।

प्रियंका गांधी ने अपने संदेश में यह भी कहा है कि नए स्कूल भवन में मंगलवार से ही बच्चों की कक्षाएं शुरू कर दी जाएं। उनके संदेश को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार बच्चों को पढ़कर सुनाएंगे।

4.30 करोड़ की लागत से तैयार हुआ नया भवन

मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि देवरी स्कूल का नया भवन करीब 4 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से तैयार किया गया है। भवन पूरी तरह तैयार है और अब इसमें बच्चों की पढ़ाई शुरू करने की बात कही गई है।

प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को देखते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता सोमवार शाम ही मंडी पहुंच गए थे। हालांकि मौसम खराब होने के कारण प्रियंका गांधी को अपना मंडी दौरा रद्द करना पड़ा।

2023 में बारिश से क्षतिग्रस्त हुआ था पुराना भवन

देवरी स्कूल का पुराना भवन 2023 में मानसून की भारी बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद प्रियंका गांधी ने देवरी स्कूल का दौरा किया था और विद्यार्थियों से मुलाकात की थी।

उस दौरान उन्होंने स्कूल के लिए नया भवन बनाने का वादा किया था। अब नया भवन बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन खराब मौसम के कारण इसके उद्घाटन का कार्यक्रम एक बार फिर टल गया।

पहले भी दो बार टल चुका है उद्घाटन

देवरी स्कूल भवन का उद्घाटन पहले भी दो बार टल चुका है। करीब तीन सप्ताह पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को भवन का उद्घाटन करना था, लेकिन प्रियंका गांधी के हाथों उद्घाटन कराने की तैयारी के चलते उनका कार्यक्रम रोक दिया गया था।

इसी मामले को लेकर विवाद भी सामने आया और मामला हाईकोर्ट तक पहुंच गया। एक याचिका पर अदालत ने प्रदेश सरकार से जवाब तलब किया हुआ है।

दिल्ली लौट सकती हैं प्रियंका गांधी

खराब मौसम के कारण मंडी दौरा रद्द होने के बाद प्रियंका गांधी के मंगलवार को ही दिल्ली लौटने की संभावना है। दिल्ली में बुधवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी यानी CWC की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें उनके शामिल होने की संभावना बताई जा रही है।

CWC बैठक में जा सकते हैं सीएम सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के भी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए दिल्ली जाने की संभावना है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री बैठक में शामिल होने के बाद 20 अगस्त को हिमाचल लौट सकते हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी होना बाकी है।