Follow Us:

हिमाचल: प्रियंका गांधी का मंडी दौरा रद्द, देउरी स्कूल का उद्घाटन तीसरी बार टला

प्रियंका गांधी का 18 अगस्त का मंडी दौरा अचानक रद्द, मंगलवार को दिल्ली लौटने की संभावना

देउरी स्कूल भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम तीसरी बार टला, पहले भी दो बार दौरा स्थगित हुआ

19 अगस्त की कांग्रेस वर्किंग कमेटी बैठक में शामिल होंगी प्रियंका, मौसम भी दौरा टलने की वजह


शिमला/मंडी। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा का प्रस्तावित मंडी दौरा रद्द हो गया है। प्रियंका इन दिनों शिमला के छराबड़ा स्थित अपने घर में ठहरी हुई हैं। उनका 18 अगस्त को मंडी के देउरी स्कूल जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, जहां नए स्कूल भवन का उद्घाटन होना था।

सोमवार को अचानक उनका मंडी दौरा रद्द कर दिया गया। दौरा टलने के पीछे मौसम और कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। प्रियंका मंगलवार को नई दिल्ली लौट सकती हैं।

19 अगस्त को नई दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक प्रस्तावित है। इसमें प्रियंका गांधी के शामिल होने की संभावना है। इसी बैठक के चलते उनके दिल्ली लौटने का कार्यक्रम भी बताया जा रहा है।

उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू भी कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में शामिल होने के लिए मंगलवार शाम या बुधवार सुबह नई दिल्ली रवाना हो सकते हैं।

तीसरी बार टला देउरी स्कूल भवन का उद्घाटन

प्रियंका गांधी के प्रस्तावित दौरे के दौरान देउरी स्कूल भवन का उद्घाटन किया जाना था। हालांकि, यह कार्यक्रम पहली बार नहीं टला है। नए स्कूल भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम इससे पहले भी तीन बार तय होकर स्थगित हो चुका है।

इनमें दो बार प्रियंका गांधी के मंडी दौरे के दौरान ही भवन का उद्घाटन प्रस्तावित किया गया था। दोनों अवसरों पर उनका दौरा स्थगित होने के कारण उद्घाटन कार्यक्रम भी आगे बढ़ गया।

इससे पहले शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर नए भवन का उद्घाटन करने के लिए देउरी पहुंचे थे। हालांकि, ऐन मौके पर उद्घाटन कार्यक्रम रोक दिया गया था।

अब एक बार फिर प्रियंका गांधी का मंडी दौरा रद्द होने के बाद देउरी स्कूल भवन के उद्घाटन का कार्यक्रम टल गया है। इससे स्कूल भवन के उद्घाटन को लेकर तय कार्यक्रमों पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।