➤ पंजाबी सिंगर राजवीर जवंदा (35) का निधन, 11 दिन से मोहाली फोर्टिस अस्पताल में वेंटिलेटर पर
➤ 27 सितंबर को बाइक एक्सीडेंट में लगी गंभीर चोट, रीढ़ और दिमाग को हुआ नुकसान
➤ अंतिम संस्कार कल लुधियाना के जगराओं गांव में होगा, फैंस और सेलेब्स ने जताया शोक
पंजाबी सिंगर और एक्टर राजवीर जवंदा (35) का बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने सुबह 10 बजकर 55 मिनट पर मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में अंतिम सांस ली। पिछले 11 दिनों से वे वेंटिलेटर पर थे। फोर्टिस अस्पताल ने दोपहर 12:30 बजे उनके निधन की आधिकारिक सूचना जारी की।
अस्पताल ने बताया कि जवंदा को 27 सितंबर, 2025 को सड़क दुर्घटना के बाद भर्ती कराया गया था, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी और मस्तिष्क को गंभीर चोटें लगीं। लगातार बड़े मेडिकल सपोर्ट और क्रिटिकल केयर टीम की निगरानी के बावजूद उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिसके कारण उनका निधन हो गया।
पंजाबी सिंगर-एक्टर एमी विर्क ने कहा कि शव को लुधियाना के जगराओं स्थित उनके पैतृक गांव पौना ले जाया जाएगा, और उनका अंतिम संस्कार कल किया जाएगा।
निधन की खबर मिलते ही मोहाली पुलिस ने अस्पताल के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी, क्योंकि फैंस और मीडिया की भारी भीड़ अस्पताल पहुंच गई।
सिंगर के निधन पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह, पंजाबी गायक प्रेम ढिल्लों और एक्टर गुरप्रीत घुग्गी ने सोशल मीडिया पर शोक व्यक्त किया। पंजाबी एक्टर बीएन शर्मा ने कहा कि यह बहुत दुखद खबर है, सभी अरदास कर रहे थे कि वह ठीक हो जाएं लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
एक्सीडेंट की पूरी घटना: 27 सितंबर को बाइक राइडिंग के दौरान बद्दी से शिमला जाते वक्त पिंजौर में राजवीर जवंदा का एक्सीडेंट हुआ। अस्पताल लाते समय उन्हें हार्ट अटैक भी आया था, जिसके बाद उन्हें फोर्टिस मोहाली में भर्ती किया गया और लगातार वेंटिलेटर पर रखा गया।



