Follow Us:

PWD का जेई 8 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा

ऊना में PWD के जेई को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते विजिलेंस ने रंगे हाथ दबोचा
1.50 लाख रुपये का बिल पास करने के बदले मांगी थी 15 हजार रुपये की घूस
आरोपी के घर पर भी छापा, बुधवार को अदालत में किया जाएगा पेश


ऊना। हिमाचल प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोक निर्माण विभाग (विद्युत विंग) के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) को 8 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को विभागीय कार्यालय में ट्रैप कार्रवाई के दौरान पकड़ा गया। विजिलेंस ने रिश्वत की रकम बरामद कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, एक ठेकेदार ने विजिलेंस को शिकायत दी थी कि उसका करीब 1.50 लाख रुपये का लंबित बिल पास करने के बदले संबंधित जेई 15 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। आरोपी ने पहली किस्त के रूप में 8 हजार रुपये देने को कहा था।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद डीएसपी विजिलेंस फिरोज खान के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार दोपहर विभागीय कार्यालय में जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता रिश्वत की राशि लेकर कार्यालय पहुंचा। जैसे ही आरोपी जेई ने 8 हजार रुपये स्वीकार किए, विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

कार्रवाई के दौरान विजिलेंस ने रिश्वत की राशि बरामद करने के साथ कार्यालय से संबंधित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी कब्जे में लिए हैं। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं से की जा रही है।

गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम ने आरोपी जेई के अंब उपमंडल की लोहारा ग्राम पंचायत स्थित आवास पर भी तलाशी अभियान चलाया। हालांकि तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध सामग्री बरामद नहीं हुई।

फिलहाल आरोपी विजिलेंस की हिरासत में है। उसे बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। विजिलेंस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी किसी अन्य मामले में भी रिश्वतखोरी में शामिल तो नहीं था।