Follow Us:

हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में मिलेंगी विश्वस्तरीय दवाएं, 100 करोड़ की खरीद का बड़ा फैसला

➤ सरकारी अस्पतालों में केवल गुणवत्तायुक्त दवाओं की आपूर्ति
➤ 100 करोड़ रुपये की दवाइयों के लिए जल्द जारी होगा टेंडर
➤ दवा कंपनियों से सीधे खरीदी जाएंगी दवाएं


हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में अब मरीजों को गुणवत्तायुक्त और विश्वस्तरीय दवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। इस दिशा में राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाने का फैसला लिया है।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्देश दिए कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों को केवल उच्च गुणवत्ता वाली दवाइयां दी जाएं।

सरकार जल्द ही लगभग 100 करोड़ रुपये की दवाइयों की खरीद के लिए टेंडर जारी करेगी। इसमें यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रतिष्ठित दवा निर्माता कंपनियां भी भाग लें, ताकि सरकारी अस्पतालों में बेहतर दवाएं उपलब्ध हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अब दवाइयां सीधे दवा निर्माता कंपनियों से खरीदी जाएंगी। इससे मरीजों को विश्वसनीय और प्रभावी दवाएं मिल सकेंगी।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर ड्रग्स एक्ट में संशोधन किया जाएगा, ताकि गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न हो।

इसके अलावा जन औषधि केंद्रों और अन्य दवा दुकानों के लिए भी दवाइयां सीधे कंपनियों से खरीदे जाने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है, लेकिन जनता का पैसा केवल जनहित में ही खर्च किया जाएगा।