➤ राहुल गांधी 30 अप्रैल को धर्मशाला दौरे पर आएंगे
➤ जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में करेंगे शिरकत
➤ सुक्खू, अग्निहोत्री और अन्य वरिष्ठ नेता भी रहेंगे मौजूद
धर्मशाला में आयोजित कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने के लिए राहुल गांधी 30 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश पहुंचेंगे। यह कार्यक्रम अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित किया जा रहा है, जिसमें हिमाचल, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के जिला कांग्रेस अध्यक्ष भाग ले रहे हैं।
इस प्रशिक्षण शिविर के अंतिम दिन राहुल गांधी प्रतिभागियों को संबोधित करेंगे। इससे पहले उनका कार्यक्रम 29 अप्रैल की शाम निर्धारित था, लेकिन बाद में इसे बदलकर 30 अप्रैल कर दिया गया है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार सहित कई मंत्री और वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
इस प्रशिक्षण शिविर को संगठनात्मक मजबूती के लिहाज से अहम माना जा रहा है, जहां जिला स्तर के नेताओं को आगामी चुनावों को लेकर रणनीति और संगठनात्मक कौशल से अवगत कराया जा रहा है। राहुल गांधी का दौरा कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने के साथ-साथ पार्टी की चुनावी तैयारियों को गति देने वाला माना जा रहा है।



