Follow Us:

बीजेपी MP अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी को भेजा विशेषाधिकार हनन का नोटिस,जानें क्‍या लगाए आरोप

राहुल गांधी पर सदन की गरिमा और नियमों के उल्लंघन का आरोप
अनुराग ठाकुर ने स्पीकर को सौंपा तीन पेज का विशेषाधिकार नोटिस
संजय जायसवाल ने भी पत्र लिखकर राहुल के बयान पर जताई आपत्ति


नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण को लेकर संसद में सियासी विवाद और गहरा गया है। भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को राहुल गांधी के खिलाफ विशेषाधिकार हनन और सदन की अवमानना का नोटिस सौंपते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।

अनुराग ठाकुर ने अपने तीन पेज के नोटिस में आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने लोकसभा में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ असंसदीय और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही उन्होंने ऐसे गंभीर आरोप लगाए, जिनका कोई तथ्यात्मक आधार नहीं था।

भाजपा सांसद ने स्पीकर से अनुरोध किया है कि इस मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जाए, ताकि पूरे मामले की विस्तृत जांच कर उचित कार्रवाई की जा सके। नोटिस में यह मांग भी की गई है कि राहुल गांधी को सदन और गृह मंत्री अमित शाह से बिना शर्त माफी मांगने का निर्देश दिया जाए।

अनुराग ठाकुर ने अपने नोटिस में 29 जुलाई को पेपर लीक विरोधी विधेयक पर हुई चर्चा का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि राहुल गांधी ने विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों से कथित बातचीत का हवाला देकर लोकसभा के नियम-352 का उल्लंघन किया।

इस बीच लोकसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक संजय जायसवाल ने भी स्पीकर ओम बिरला को अलग से पत्र लिखकर राहुल गांधी के बयान पर आपत्ति जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ की गई टिप्पणियां संसदीय परंपराओं और स्थापित नियमों के विपरीत थीं।

अब इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष के फैसले पर सभी की नजरें टिकी हैं। यदि नोटिस स्वीकार किया जाता है तो मामला विशेषाधिकार समिति के पास भेजा जा सकता है, जिसके बाद आगे की संसदीय प्रक्रिया तय होगी।