Follow Us:

समाजसेवा में मिसाल बने राज कुमार, राष्ट्रीय युवा पुरस्कार के लिए चयनित

National Youth Award Winner: जिला के भोरंज उपमंडल के बधानी गांव निवासी राज कुमार, जिन्हें लोग राजन शर्मा के नाम से जानते हैं, को उनकी समाजसेवा और युवा नेतृत्व के लिए राष्ट्रीय युवा पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। वह कई सामाजिक संगठनों से जुड़े हुए हैं और 2020 से युवक मंडल बधानी नोडल क्लब के प्रधान पद का दायित्व निभा रहे हैं।

राज कुमार का जन्म एक साधारण परिवार में हुआ। उनके पिता पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि उनकी माता का स्वर्गवास हो चुका है। दादी अमरो देवी ने उनका पालन-पोषण किया और उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद समाज सेवा के क्षेत्र में बड़ा मुकाम हासिल किया।

राज कुमार ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बधानी से प्राप्त की। उसके बाद उन्होंने श्री विश्वनाथ संस्कृत महाविद्यालय चकमोह से शास्त्री की उपाधि ली और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से संस्कृत में स्नातकोत्तर किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से अध्यापक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण की और स्वामी विवेकानंद कॉलेज ऑफ एजुकेशन से बीएड की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।


राज कुमार स्कूल के समय से ही सामाजिक कार्यों में रुचि रखते थे। उन्होंने भारत स्काउट एंड गाइड के तहत राज्य स्तरीय पुरस्कार भी प्राप्त किया। वर्ष 2020 से वह रक्तदान जागरूकता अभियान से जुड़े हुए हैं और अब तक 60 रक्तदान शिविरों का आयोजन कर चुके हैं। उन्होंने स्वयं 21 बार रक्तदान किया है।

कोरोना महामारी के दौरान उन्होंने सैनिटाइजेशन, मास्क वितरण और जरूरतमंदों को आवश्यक वस्तुएं पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने कोरोना पीड़ितों की मदद करने के साथ-साथ मृतकों के अंतिम संस्कार में भी योगदान दिया। इसके अलावा, उन्होंने स्वयं मरणोपरांत अंगदान का संकल्प लिया और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।

उनके सामाजिक कार्यों और समर्पण को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय युवा पुरस्कार के लिए चुना गया है। यह सम्मान न केवल उनके लिए बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।