Follow Us:

राजा सिंह मल्होत्रा बने हॉकी संघ हिमाचल के उपाध्यक्ष

Hockey Association Himachal: मंडी के  राजा सिंह मल्होत्रा को हॉकी संघ हिमाचल का उपाध्यक्ष चुना गया है। हमीरपुर में मंगलवार को संपन्न हुए हॉकी संघ के चुनावों में पूरी कार्यकारिणी को सर्वसम्मति से चुना गया। इन चुनावों में नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का को अध्यक्ष पद सौंपा गया, जबकि उपाध्यक्ष के रूप में राजा सिंह मल्होत्रा को दायित्व दिया गया।

राजा सिंह मल्होत्रा ने हॉकी संघ के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और सांसद अनुराग ठाकुर का आभार जताया और विश्वास दिलाया कि वे अपने पद की जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों में हॉकी खेल को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक युवाओं को इस खेल से जोड़ना रहेगा। इसके अलावा, प्रदेश के खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत रहेंगे।

गौरतलब है कि राजा सिंह मल्होत्रा काफी लंबे समय से हॉकी संघ हिमाचल के साथ सक्रिय रूप से जुड़े हुए हैं। वे इससे पहले 8 वर्षों तक हॉकी संघ के कोषाध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और उन्होंने इस पद की जिम्मेदारी कुशलतापूर्वक निभाई। इसके अलावा, वे वर्तमान में मंडी जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष पद पर भी कार्यरत हैं।

हॉकी संघ का उपाध्यक्ष चुने जाने के बाद राजा सिंह मल्होत्रा ने समीरपुर स्थित पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल के निवास पर जाकर उनसे आशीर्वाद लिया।