➤ 25 वर्षीय युवती ने इलाज के बहाने रेप का आरोप लगाया
➤ सोलन पुलिस ने पूछताछ के बाद किया गिरफ्तार, जांच जारी
हिमाचल प्रदेश में सियासी गलियारों को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के बड़े भाई राम कुमार बिंदल को सोलन पुलिस ने रेप के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी की उम्र 75 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के बहाने बुलाया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
सोलन के एसपी गौरव सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि एक 25 वर्षीय युवती ने आरोपी के खिलाफ महिला थाना सोलन में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इलाज के बहाने वैध राम कुमार बिंदल ने उसके साथ रेप किया।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता बीमार थी और 7 अक्टूबर को सोलन बस स्टैंड के पास राम कुमार बिंदल के क्लिनिक में इलाज कराने गई थी। वहां एक व्यक्ति ने उसका पता पूछा और जांच के लिए अंदर बैठा दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता का हाथ पकड़कर नसें दबानी शुरू कीं और यौन समस्याओं के बारे में बात करने लगा।
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने भरोसा दिलाया कि वह उसे पूरी तरह ठीक कर देगा और जांच के दौरान कहा कि उसे प्राइवेट पार्ट की भी जांच करनी है। युवती ने इससे इनकार किया, लेकिन आरोपी ने जबरदस्ती गलत काम किया। इसके बाद पीड़िता ने खुद को छुड़ाया और बाहर निकल गई।
घटना के बाद पीड़िता ने महिला थाना सोलन में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शुक्रवार सुबह आरोपी को पूछताछ के लिए बुलाया और सबूतों के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है और मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
यह मामला हिमाचल प्रदेश की राजनीति में बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि आरोपी बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के सगे भाई हैं। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।



