➤ सरकार और संगठन के बेहतर समन्वय पर कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल का जोर
➤ हर तीन महीने होगी पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा, प्रदर्शन खराब होने पर हटेंगे जिम्मेदार
➤ मंत्रियों को जिलों का प्रभार देकर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद बढ़ाने की तैयारी
शिमला। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने कहा है कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पार्टी की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है। हाल ही में आयोजित बैठकों में संगठन के कई पदाधिकारियों ने यह शिकायत रखी कि उनकी बात सरकार तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रही है। इसके बाद मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के साथ पदाधिकारियों की बातचीत करवाई गई, ताकि संगठन और सरकार के बीच संवाद बेहतर हो सके।
राजीव भवन शिमला में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में रजनी पाटिल ने कहा कि किसी भी राजनीतिक संगठन में छोटे-मोटे गिले-शिकवे स्वाभाविक होते हैं, लेकिन उन्हें समय रहते दूर करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए जनप्रतिनिधियों पर संगठन और आम लोगों की बड़ी जिम्मेदारी होती है, इसलिए उन्हें अपनी जिम्मेदारियों पर पूरी तरह खरा उतरना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राम मंदिर चढ़ावा चोरी और नीट पेपर लीक जैसे मुद्दे गंभीर हैं और कांग्रेस इन्हें जनता के बीच मजबूती से उठाएगी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से संगठन का पुनर्गठन लंबित था, जिसे अब पूरा कर सभी पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय की जा रही हैं।
हर तीन महीने होगी पदाधिकारियों के काम की समीक्षा
रजनी पाटिल ने कहा कि पार्टी संगठन को अधिक सक्रिय और जवाबदेह बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के कार्यों की हर तीन महीने में समीक्षा की जाएगी। जिन पदाधिकारियों का प्रदर्शन संतोषजनक नहीं होगा, उन्हें जिम्मेदारियों से मुक्त किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के सभी मंत्रियों को एक-एक जिले का प्रभारी बनाया जाएगा। इससे मंत्री संबंधित जिलों में कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद स्थापित करेंगे और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करेंगे।
प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार बोले- सरकार और संगठन साथ-साथ कर रहे काम
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि सरकार संगठन को पूरा महत्व दे रही है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल और अन्य संगठनात्मक इकाइयों को सरकार में पर्याप्त प्रतिनिधित्व दिया गया है तथा सरकार और संगठन मिलकर काम कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 16 और 17 जुलाई को राजनीतिक मामलों की समिति की बैठक होगी, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के.सी. वेणुगोपाल प्रदेश के विधायकों, मंत्रियों और राजनीतिक मामलों की समिति के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों से भी की मुलाकात
रजनी पाटिल ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जिला परिषद, पंचायत समिति सदस्यों और शिमला ग्रामीण क्षेत्र के नगर निगम पार्षदों के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि अब सभी जनप्रतिनिधियों को अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटना होगा। उन्होंने कहा कि भले ही पंचायत और स्थानीय निकाय चुनाव पार्टी चिन्ह पर नहीं हुए, लेकिन कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की सफलता यह दर्शाती है कि प्रदेश की जनता सरकार की नीतियों के साथ खड़ी है।



