Follow Us:

हिमाचल में पंचायत चुनाव से पहले मिलेगा नया कांग्रेस अध्यक्ष: रजनी पाटिल

➤ पंचायत चुनाव से पहले कांग्रेस की कार्यकारिणी होगी घोषित
➤ रजनी पाटिल बोलीं—कुलदीप राठौर ईमानदार नेता, नेतृत्व लेगा फैसला
➤ ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान को गांव-गांव पहुंचाने के निर्देश



हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल ने शनिवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी पंचायत चुनाव से पहले गठित कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) को इस संबंध में प्रस्ताव भेज दिया गया है और जल्द ही अनुमोदन मिलने के बाद नई कार्यकारिणी की घोषणा कर दी जाएगी।

शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे पार्टी अध्यक्ष के लिए कुलदीप राठौर के नाम को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि राठौर एक ईमानदार और समर्पित नेता हैं, लेकिन अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व को लेना है। उन्होंने व्यक्तिगत तौर पर कहा कि उन्हें लगता है कि राठौर ईमानदार नेता हैं और प्रदेश कांग्रेस को मज़बूत कर सकते हैं।

इसके बाद रजनी पाटिल ने ठियोग, शिलारू और नारकंडा में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और कहा कि देशभर में चलाया जा रहा ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान अब हिमाचल के हर घर तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान देशभर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा कथित वोट धांधली और लोकतंत्र के दुरुपयोग के खिलाफ चलाया जा रहा है।

उन्होंने महाराष्ट्र चुनाव का उदाहरण देते हुए कहा कि चार महीने पहले वहां 16 सांसद चुने गए और बाद में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के 14 विधायक जीते, जो अपने आप में सवाल खड़े करता है। जांच में एक ही हॉस्टल भवन में 5 हजार वोटर दर्ज पाए गए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसे मामलों को उजागर कर रही है ताकि देश में लोकतांत्रिक प्रणाली की पारदर्शिता बनी रहे।

रजनी पाटिल ने कहा कि भाजपा जहां-जहां सत्ता में है, वहां ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर विपक्ष को डराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने पूरे देश में वोट चोरी से सरकार बनाने की साजिशों को उजागर किया है, और कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

ठियोग के विधायक कुलदीप राठौर ने इस दौरान कहा कि भाजपा और चुनाव आयोग के बीच गठजोड़ साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने वोटर डेटा मांगने के बावजूद इलेक्शन कमीशन से कोई जवाब नहीं मिला, जबकि भाजपा को तुरंत जानकारी मिल जाती है।

इस अभियान के तहत एक लाख लोगों के हस्ताक्षर जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी मॉनिटरिंग के लिए डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को संयोजक और कुलदीप राठौर को सह संयोजक नियुक्त किया गया है। अभियान की निगरानी के लिए पार्टी मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी हिमुडा उपाध्यक्ष यशवंत छाजटा को दी गई है।

पाटिल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव जाकर लोगों को अभियान की जानकारी देंगे और उनसे हस्ताक्षर करवाएंगे। उन्होंने अपने तीन दिवसीय हिमाचल दौरे की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से ओक ओवर में मुलाकात की और अभियान को लेकर विस्तृत चर्चा की।