rampur-education-development-30-crore-rohit-thakur
➤ रामपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा सुधार के लिए 30 करोड़ रुपए स्वीकृत
➤ दत्तनगर स्कूल के वार्षिक समारोह में 62 मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
➤ स्कूल भवन, ग्राउंड, चारदीवारी और साइंस ब्लॉक के विकास कार्य तेज
शिमला। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को और बेहतर बनाने के लिए 30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से विद्यालयों और महाविद्यालयों के नए भवन, पुराने भवनों की मरम्मत, नए स्कूल ग्राउंड, चारदीवारी निर्माण और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

शिक्षा मंत्री यह जानकारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर दे रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने 62 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि निजी और सरकारी स्कूलों में शिक्षा का स्तर समान करने के लिए सरकार ने नियमों में आवश्यक संशोधन किए हैं, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने दत्तनगर स्कूल के शत-प्रतिशत बोर्ड परिणाम और टॉप 100 में 29 विद्यार्थियों के चयन को स्कूल, अध्यापकों और अभिभावकों की मेहनत का परिणाम बताया।

उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें गुणवत्तायुक्त शिक्षा देना सरकार का दायित्व है। साथ ही बच्चों को भी परिश्रम कर अध्यापकों और अभिभावकों का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
2.24 करोड़ से बन रहा साइंस ब्लॉक
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 2.24 करोड़ रुपए की लागत से दत्तनगर स्कूल का साइंस ब्लॉक निर्माणाधीन है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि साइंस ब्लॉक की अंतिम मंजिल पर आधुनिक मल्टीपरपज ऑडिटोरियम बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएं, जिसके लिए अतिरिक्त बजट उपलब्ध करवाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में एनरोलमेंट बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं और दत्तनगर स्कूल में 120 विद्यार्थियों की बढ़ी हुई एनरोलमेंट इसका प्रमाण है।
रामपुर विधानसभा क्षेत्र का विकास प्राथमिकता
रोहित ठाकुर ने कहा कि रामपुर विधानसभा क्षेत्र, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की जन्म एवं कर्मभूमि रही है, इसलिए इसका विकास सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि क्लस्टर प्रणाली के तहत 11 स्कूलों को दत्तनगर स्कूल से जोड़ा गया है।
उन्होंने जानकारी दी कि पिछले तीन वर्षों में 7000 अध्यापकों के पद भरे गए, 2000 अनियमित अध्यापक नियमित किए गए और 400 स्कूल व 400 कॉलेज प्राचार्यों की पदोन्नति का निर्णय लिया गया है। टीजीटी के 937 पद भरने की प्रक्रिया भी जारी है।

उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से अंग्रेज़ी पढ़ाने का निर्णय लिया गया है और पहली बार शिक्षकों व छात्रों को विदेश भ्रमण का अवसर दिया गया। एनईएस सर्वे के अनुसार शिक्षा गुणवत्ता में हिमाचल देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा है, जबकि साक्षरता दर 99.30 प्रतिशत हो गई है।
उन्होंने दत्तनगर स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने, तीसरा व्यावसायिक कृषि ट्रेड शुरू करने, 100 डेस्क-टेबल उपलब्ध करवाने और 50 हजार रुपए सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए देने की घोषणा की।
निरीक्षण व अन्य कार्यक्रम
शिक्षा मंत्री ने दत्तनगर स्कूल साइंस ब्लॉक और राजकीय उच्च पाठशाला निरथ का निरीक्षण किया। उन्होंने स्पीड ब्रेकर लगाने और भविष्य में ओवरब्रिज निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक नंद लाल ने स्कूल प्रबंधन व अभिभावकों की भूमिका को सराहते हुए रामपुर व ननखड़ी कॉलेज के भवन निर्माण के लिए अतिरिक्त बजट की मांग रखी।



