Follow Us:

Shimla: बोलेरो कैंपर 250 मीटर गहरी खाई में गिरी, वाहन में आग लगने से तीन लोगों की मौके पर मौत

रामपुर के शांदल में बोलेरो कैंपर 250 मीटर गहरी खाई में गिरी
वाहन में आग लगने से तीन लोगों की मौके पर मौत
दो घायल, खनेरी अस्पताल में उपचार जारी


हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल की लालसा पंचायत के शांदल क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिकसा से रामपुर की ओर आ रही एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर लगभग 200 से 250 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के तुरंत बाद वाहन में आग लग गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।

हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान चालक कपिल देव (41) निवासी चिकसा, पुष्पा देवी (67) और उर्मिला देवी (40) निवासी मझाली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों के शव वाहन में आग लगने के कारण बुरी तरह झुलसे हुए मिले।

इस हादसे में राकेश कुमार (39) निवासी चिकसा और लीला देवी (41) घायल हुए हैं। घायल लीला देवी को तुरंत इलाज के लिए खनेरी अस्पताल रामपुर पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य चलाया। खाई की गहराई अधिक होने के कारण शवों को सड़क तक लाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह वाहन प्रतिदिन दूध लेकर रामपुर आता था और हादसे के समय वापस चिकसा लौट रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि तेज रफ्तार या सड़क पर नियंत्रण खोने की वजह से हादसा हुआ हो सकता है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे।