➤ रामपुर के भगवती होटल के पास सतलुज नदी किनारे अचेत हालत में मिला युवक का शव
➤ मृतक की पहचान हरियाणा के कैथल निवासी 34 वर्षीय संदीप कुमार के रूप में
➤ जुराब से 22.26 ग्राम चिट्टा बरामद, सीसीटीवी में नदी की ओर जाते समय फिसलता दिखा
शिमला। जिला शिमला के रामपुर क्षेत्र में सतलुज नदी के किनारे एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस को दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि भगवती होटल के समीप सतलुज नदी किनारे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस थाना रामपुर की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में मृतक की पहचान संदीप कुमार (34) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी गांव जखोली, तहसील कलायत, जिला कैथल (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की, जिसमें युवक को सतलुज नदी की ओर जाते हुए और रास्ते में फिसलकर गिरते हुए देखा गया है।
मौके से पुलिस को मृतक के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। इसके अलावा उसकी जुराब से लगभग 22.26 ग्राम हैरोइन (चिट्टा) भी बरामद हुई है। इस संबंध में पुलिस द्वारा नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की सरसरी जांच में मृतक के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि वह चिट्टे की इस खेप को स्थानीय युवाओं को बेचने के उद्देश्य से इलाके में आया था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक के खिलाफ हरियाणा के विभिन्न थानों में कुल सात आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें पांच मामले चोरी, एक मामला हत्या व हत्या के प्रयास तथा आर्म्स एक्ट से संबंधित है, जबकि एक मामला उद्घोषित अपराधी के रूप में दर्ज बताया गया है।
बताया जा रहा है कि वह हत्या के मामले में छह वर्ष की सजा काट रहा था और हाल ही में जनवरी 2026 से 21 मार्च 2026 तक 70 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। मामले में आगे की जांच भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 194 के तहत की जा रही है।



