Follow Us:

Video: मंत्री आर्य की तबीयत बिगड़ी, बोलीं-पति के महिलाओं से संबंध:जारी ऑडियो में गोली मरवाने की बात; रोते हुए VIDEO पोस्ट किया

  • उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू का कथित ऑडियो वायरल, मंत्री को गोली मारने और हत्या की साजिश का खुलासा

  • रेखा आर्या ने पति के खिलाफ देहरादून के कैंट थाने में दर्ज कराई गंभीर धाराओं में FIR, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती

  • सोशल मीडिया पर रोते हुए वीडियो साझा कर बोलीं रेखा आर्या—महिला आम हो या खास, घरेलू अत्याचार बिल्कुल न सहें


उत्तराखंड की राजनीति और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पारिवारिक जीवन में उस वक्त बड़ा भूचाल आ गया, जब उन्होंने अपने पति गिरधारी लाल साहू से जुड़े दो सनसनीखेज कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर सार्वजनिक किए। इन वायरल ऑडियो क्लिप्स में गिरधारी लाल साहू और कल्पना मिश्रा उर्फ कल्पना चतुर्वेदी नाम की महिला के बीच कथित बातचीत हो रही है, जिसमें मंत्री रेखा आर्या की हत्या की साजिश रचने और उन्हें गोली मारने की बातें कही जा रही हैं। ऑडियो में गिरधारी लाल साहू कहते सुनाई दे रहे हैं कि इस काम के लिए जितने पैसे लगेंगे, वह लगाएंगे।

ऑडियो सामने आने के तुरंत बाद कैबिनेट मंत्री ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ मारपीट, प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने और जान से मारने की सुपारी व साजिश रचने के गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज कराई है। बातचीत में गिरधारी लाल साहू महिला को आगरा में फ्लैट खरीदने के लिए 25 लाख रुपए भेजने, कानूनी मदद मुहैया कराने और मंत्री पद पर तंज कसते हुए यह कहते सुने जा रहे हैं कि वह हमेशा मंत्री नहीं रहेंगी, यह सिर्फ 3-4 महीने की बात है।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद मंत्री रेखा आर्या ने सोशल मीडिया पर रोते हुए एक भावुक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि इन ऑडियो क्लिप्स ने उनके वैवाहिक जीवन के समर्पण को झकझोर दिया है और उन्हें अपने व अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए यह कदम उठाना पड़ा। उन्होंने महिलाओं से घरेलू हिंसा और अत्याचार के खिलाफ खुलकर बोलने की अपील की। वीडियो साझा करने के बाद अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून के कृष्णा मेडिकल सेंटर डालनवाला में भर्ती कराया गया, जहां उनका रक्तचाप बढ़ा हुआ पाया गया।

उल्लेखनीय है कि सितंबर 2024 में भी रेखा आर्या ने बरेली में कल्पना मिश्रा के खिलाफ पहचान दस्तावेजों में धोखाधड़ी, सरकारी पद के दुरुपयोग और चोरी के आरोप में मामला दर्ज कराया था, जिसमें कल्पना को जेल भी भेजा गया था। देहरादून के एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने अस्पताल पहुंचकर मंत्री का हाल जाना और बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वायरल ऑडियो क्लिप्स को फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेज दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।