Follow Us:

हिमाचल के बिस्मिल्लाह खां सूरजमणि का निधन, शोक की लहर

|

Surajmani passes away : देश में छोटे बिस्मिल्लाह खां के नाम से मशहूर शहनाई वादक सूरजमणि का देर रात AIIMS बिलासपुर में निधन हो गया। 63 वर्षीय सूरजमणि पिछले कुछ समय से क्रोनिक पैंक्रियाटाइटिस से पीड़ित थे। वह मंडी जिले के नाचन क्षेत्र के चच्योट गांव के निवासी थे और हिमाचल प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कुछ दिन पहले सूरजमणि एक रिकॉर्डिंग के लिए चंडीगढ़ गए थे, जहां से लौटने के बाद उनकी तबियत बिगड़ी। उन्हें मंडी के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके बाद हालत गंभीर होने पर AIIMS बिलासपुर रेफर किया गया। देर रात उनका निधन हो गया। सूरजमणि के निधन से पूरे हिमाचल में शोक की लहर दौड़ गई है।

सूरजमणि की धुन से कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेलों की शुरुआत होती थी, जैसे मंडी शिवरात्रि, कुल्लू दशहरा, चंबा मिंजर और रामपुर लवी मेला। उन्होंने ओमान, दुबई, सऊदी अरब और अमेरिका समेत कई देशों में भी अपनी कला का प्रदर्शन किया था। सूरजमणि दूरदर्शन और आकाशवाणी पर भी शहनाई के स्वरों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करते रहे।

उनके निधन पर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर समेत सैकड़ों कलाकारों और संगीतकारों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सूरजमणि अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार आज उनके पैतृक गांव चच्योट में किया जाएगा।