Follow Us:

महिला T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में रेणुका अपनी जगह बनाने में रही सफल

डेस्क |

आगामी महिला T-20 क्रिकेट विश्व कप के लिए भारतीय टीम का ऐलान हो गया है। BCCI ने टीम की घोषणा कर दी है। महिला T-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में हिमाचल प्रेदश की रेणुका ठाकुर को शामिल किया गया है।

जिला शिमला के रोहड़ू से संबंध रखने वाली रेणुका सिंह ठाकुर बीते कुछ वर्षों से रेणुका भारतीय महिला क्रिकेट टीम की नियमित सदस्य हैं। रेणुका ठाकुर ने टीम इंडिया के लिए पिछली कई सीरीज में लगातार शानदार प्रदर्शन किया है। रेणुका ठाकुर शानदार गेंदबाज हैं। इसी के चलते अब एक बार फिर रेणुका टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रही हैं।

वहीं, ठियोग की रहने वाली तनुजा कंवर टीम इंडिया में ट्रैवलिंग रिजर्व के तौर पर शामिल हुई हैं। यानी अगर टीम का कोई खिलाड़ी वर्ल्ड कप के दौरान चोटिल हो जाता है तो उस खिलाड़ी की जगह पर ट्रैवलिंग रिजर्व में शामिल खिलाड़ियों को रिप्लेस किया जा सकता है।

इसी साल जुलाई में तनुजा ने एशिया कप के दौरान अंतर अंतर्राष्ट्रीय T-20 में डेब्यू किया था। रेणुका ने तनुजा कंवर को डेब्यू कैप दी थी। तनुजा कंवर पहली बार सुर्खियों में तब आई थीं जब गुजरात जायंट्स ने उन्हें WPL की नीलामी में 50 लाख रुपए में अपनी टीम में शामिल किया था।

आपको बता दें कि महिला चयन समिति ने 15 सदस्यीय टीम का चयन किया। इस साल महिला T-20 क्रिकेट विश्व कप संयुक्त अरब अमीरात में आयोजित किया जाएगा।

महिला T-20 क्रिकेट विश्व कप में कुल दस टीमें हिस्सा लेंगी- जिन्हें कि दो ग्रुप में बांटा गया है। भारत को ग्रुप-A में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और श्रीलंका के साथ रखा गया है। ग्रुप बी में दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, बांग्लादेश और स्कॉटलैंड की टीमें शामिल हैं।

टूर्नामेंट से पहले 28 सितंबर से एक अक्तूबर तक 10 अभ्यास मैच खेले जाएंगे। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 4 अक्टूबर को न्यूजीलैंड के खिलाफ करेगी। वहीं, भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला 6 अक्टूबर को खेला जाएगा। यह दोनों मुकाबले दुबई में खेले जाएंगे।