-
हमीरपुर के सेवानिवृत्त अधिकारी से 82 लाख रुपये की ठगी, 1200% मुनाफे का झांसा
-
आठ ट्रांजेक्शन में पूरी जीवनभर की पूंजी शातिरों के हवाले
-
साइबर पुलिस ने 16 लाख रुपये बैंक खातों में होल्ड करवाए, जांच जारी
₹82 lakh cyber fraud हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर निवासी एक सेवानिवृत्त अधिकारी से 82 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। अधिकारी, जो हाल ही में सेवानिवृत्त हुए थे, ने 1200% मुनाफे के लालच में आकर अपनी जीवनभर की जमा पूंजी गंवा दी। शातिरों ने फेसबुक पर एक लिंक के माध्यम से अधिकारी को फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा, जिसमें करीब 150 सदस्य थे।
ग्रुप में शातिरों ने फर्जी “स्टॉक जिओ एप” के जरिए निवेश के प्लान बताए और आईपीओ में निवेश पर भारी मुनाफे का लालच दिया। विश्वास में आकर अधिकारी ने आठ ट्रांजेक्शन के माध्यम से 82 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में जमा करवा दिए।
जब पैसे की वापसी पर शातिरों ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया, तो अधिकारी ने साइबर पुलिस थाना मंडी में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए साइबर पुलिस ने विभिन्न बैंक खातों में से 16 लाख रुपये होल्ड करवाए हैं, जिन्हें कोर्ट के माध्यम से वापस दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस घटना ने एक बार फिर से दिखाया है कि पढ़े-लिखे और नौकरीपेशा लोग भी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो सकते हैं। डीआईजी साइबर क्राइम (सीआईडी) मोहित चावला ने लोगों से अधिक मुनाफे के झांसे में आने से बचने और किसी भी प्रकार के निवेश से पहले सेबी की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की अपील की है।



