➤ नेरचौक मेडिकल कॉलेज में आधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा का शुभारंभ
➤ जटिल ऑपरेशन अब अधिक सटीक और कम जोखिम के साथ होंगे संभव
➤ मंडी समेत आसपास के जिलों के मरीजों को मिलेगा बड़ा लाभ
शिमला/मंडी। हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को मंडी जिले के लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक में आधुनिक रोबोटिक सर्जरी सुविधा का शुभारंभ किया। इस तकनीक की शुरुआत से मंडी और आसपास के कई जिलों के मरीजों को उन्नत और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलेंगी।

रोबोटिक सर्जरी तकनीक के माध्यम से जटिल ऑपरेशन अधिक सटीकता और कम जोखिम के साथ किए जा सकेंगे। इससे मरीजों को कम दर्द, कम समय में रिकवरी और बेहतर उपचार की सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार यह तकनीक प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

मुख्यमंत्री सुबह हेलीकॉप्टर के माध्यम से सुंदरनगर पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचे और रोबोटिक सर्जरी सुविधा का औपचारिक शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज के फैकल्टी सदस्यों के साथ बैठक भी की। बैठक में संस्थान की भविष्य की योजनाओं, चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नेरचौक के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री नाचन विधानसभा क्षेत्र के दियारगी पहुंचेंगे, जहां वे विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर बाद फिर से सुंदरनगर लौटेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए शिमला के लिए रवाना होंगे।



