➤ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्वर्गीय जी.एस. बाली को विकास और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक बताया
➤ कहा- जी.एस. बाली ने पर्यटन, तकनीकी शिक्षा और हिमाचल के विकास में छोड़ी अमिट छाप
➤ आरएस बाली की कार्यशैली की सराहना करते हुए नगरोटा के लिए शिक्षा क्षेत्र में कई सहयोगों का भरोसा दिया
नगरोटा बगवां। विकास पुरुष स्वर्गीय जी.एस. बाली की स्मृति में आयोजित बाल मेले के भव्य मंच से हिमाचल प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने स्वर्गीय जी.एस. बाली को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके साथ उनका वर्षों पुराना आत्मीय और घनिष्ठ संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली केवल नगरोटा बगवां के नेता नहीं थे, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश की राजनीति में एक दूरदर्शी, कर्मठ और विकासवादी व्यक्तित्व के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे।
“कार्यकाल छोटा हो सकता है, लेकिन काम हमेशा यादगार होना चाहिए”
शिक्षा मंत्री ने कहा कि जी.एस. बाली अक्सर कहा करते थे कि “जनप्रतिनिधि का कार्यकाल छोटा हो सकता है, लेकिन उसके काम ऐसे होने चाहिए, जिन्हें लोग वर्षों तक याद रखें।” उन्होंने कहा कि आज जब लोग जी.एस. बाली को सम्मान और श्रद्धा के साथ याद करते हैं, तो यह उनके विकास कार्यों और जनसेवा के प्रति समर्पण का सबसे बड़ा प्रमाण है।
चार बार विधायक रहे, कई विभागों में स्थापित किए विकास के नए कीर्तिमान
रोहित ठाकुर ने कहा कि जी.एस. बाली चार बार विधायक रहे और प्रदेश सरकार में कई महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली। विशेष रूप से पर्यटन मंत्री और तकनीकी शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने ऐसे निर्णय लिए, जिन्होंने हिमाचल के विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि पर्यटन, तकनीकी शिक्षा और आधारभूत ढांचे के विकास में जी.एस. बाली के योगदान को प्रदेश कभी नहीं भूल सकता। उनके कार्यकाल में कई ऐसे फैसले हुए, जो आज भी मील का पत्थर माने जाते हैं।
“केवल नगरोटा नहीं, पूरे हिमाचल के विकास में दिया योगदान”
उन्होंने कहा कि जी.एस. बाली का योगदान केवल नगरोटा बगवां या कांगड़ा तक सीमित नहीं था। उन्होंने पूरे हिमाचल प्रदेश के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। यही कारण है कि आज भी प्रदेश के हर क्षेत्र में लोग उन्हें सम्मान और आदर के साथ याद करते हैं। उनके विचार और विकास की सोच आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बने रहेंगे।
आरएस बाली की कार्यशैली की सराहना
शिक्षा मंत्री ने कहा कि उन्हें विश्वास है कि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली अपने पिता की जनसेवा और विकास की विरासत को पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आरएस बाली अपनी कर्मभूमि पर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं और भविष्य में हिमाचल की राजनीति में उनका महत्वपूर्ण स्थान होगा।
नगरोटा के शिक्षा क्षेत्र को मिलेगा और मजबूती
रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि डे-बोर्डिंग स्कूलों के विस्तार के साथ-साथ नगरोटा बगवां में छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण हेतु ₹5 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि भविष्य में भी नगरोटा बगवां के शिक्षा क्षेत्र के विकास के लिए हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
कांग्रेस को मिला जनता का विश्वास
अपने संबोधन में शिक्षा मंत्री ने कहा कि हाल के पंचायती राज चुनावों में जनता ने कांग्रेस पर विश्वास जताया है। उन्होंने इसे सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों पर जनता की मुहर बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि देकर किया संबोधन समाप्त
अपने संबोधन के अंत में शिक्षा मंत्री ने स्वर्गीय जी.एस. बाली को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनकी विकास की सोच, जनसेवा का समर्पण और लोगों के प्रति आत्मीयता आने वाले वर्षों तक सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा बनी रहेगी। उन्होंने नगरोटा बगवां की जनता का आभार व्यक्त करते हुए अपने संबोधन का समापन किया।



