Follow Us:

रोहड़ू नगर परिषद में कांग्रेस का कब्‍जा, 9 में से 6 सीटों पर कांग्रेस समर्थितों ने जीती

रोहड़ू नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों का दबदबा
9 में से 6 वार्डों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने दर्ज की जीत
भाजपा को एक और निर्दलीयों को दो सीटों पर सफलता मिली


हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू नगर परिषद चुनाव-2026 में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद पर मजबूत पकड़ बना ली है। नौ वार्डों में हुए चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने छह सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी को एक सीट और दो सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और कई स्थानों पर जश्न मनाया गया।

मतगणना प्रक्रिया शुक्रवार शाम करीब चार बजे उपमंडलाधिकारी कार्यालय रोहड़ू में शुरू हुई और लगभग डेढ़ घंटे के भीतर सभी वार्डों के परिणाम घोषित कर दिए गए। वार्ड नंबर एक दशालनी एवं सेरी से भाजपा समर्थित पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष रमा देवी ने 209 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी वृंदा जिल्टा को हराया।

वार्ड नंबर दो अपर बाजार में निर्दलीय प्रत्याशी पारुल ने बेहद कांटे के मुकाबले में जीत हासिल की। पारुल को 116 मत मिले, जबकि कांग्रेस समर्थित ऊषा शर्मा को 100 मत प्राप्त हुए। मुख्य बाजार वार्ड नंबर तीन से कांग्रेस समर्थित सुजय अग्रवाल ने 266 मतों के साथ बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने रंजना रेटका को हराया।

समाला वार्ड नंबर चार में रनजीता ने 122 मत लेकर जीत दर्ज की। बस स्टैंड क्षेत्र वार्ड नंबर पांच से प्रदेश कबड्डी संघ के अध्यक्ष और पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राज कुमार निट्टू विजयी रहे। उन्होंने 79 मत हासिल कर अपने प्रतिद्वंद्वी राजेश चंद को हराया।

ब्लॉक क्षेत्र वार्ड नंबर छह में प्रीति चौहान ने 124 मत लेकर जीत हासिल की। कोर्ट रोड क्षेत्र वार्ड नंबर सात से जितेंद्र चौहान विजयी रहे। वहीं बावटीनाला वार्ड नंबर आठ का मुकाबला सबसे दिलचस्प माना गया, जहां प्यारे लाल आजाद ने 153 मत लेकर जीत हासिल की। उन्होंने पन्ना लाल को करीबी मुकाबले में हराया।

शक्तिनगर वार्ड नंबर नौ से निर्दलीय उम्मीदवार शालू दत्ता ने 131 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। चुनाव प्रक्रिया के दौरान महिला कर्मचारियों की भूमिका भी खास चर्चा में रही। रिटर्निंग अधिकारी एवं उपमंडलाधिकारी धर्मेश रामौत्रा ने महिला कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि मतदान और मतगणना प्रक्रिया को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में उनका योगदान सराहनीय रहा।

इस बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रोहड़ू नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत पर सभी विजयी प्रत्याशियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता ने कांग्रेस सरकार की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों पर भरोसा जताया है। उन्होंने इसे सरकार की पारदर्शी और जवाबदेह कार्यप्रणाली पर जनता की मुहर बताया।

उधर सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्‍खू ने जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि  रोहड़ू नगर परिषद चुनाव में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों की प्रचंड एवं ऐतिहासिक विजय पर सभी विजयी प्रत्याशियों, पदाधिकारियों तथा समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। शहरी निकाय चुनावों में कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों को प्राप्त यह व्यापक जनसमर्थन प्रदेश सरकार की जनहितैषी नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं तथा विकासोन्मुख कार्यों के प्रति जनता के अटूट विश्वास का स्पष्ट प्रमाण है।यह ऐतिहासिक विजय कांग्रेस पार्टी में नई ऊर्जा का संचार करेगी।