➤ सकारात्मक सोच और सही करियर चयन से ही बनता है उज्ज्वल भविष्य
➤ पीएम श्री स्कूल बड़ोंह अब सीबीएसई के अंतर्गत, मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का अवसर
➤ कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा पर आरएस बाली का जोर
धर्मशाला में आयोजित करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम के दौरान हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) तथा नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और सही करियर विकल्प अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में स्पष्ट लक्ष्य, निरंतर परिश्रम और सही दिशा में प्रयास ही उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला रखते हैं।

वीरवार को पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ोंह में 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए आयोजित एक दिवसीय करियर मार्गदर्शन एवं भविष्य निर्माण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए उन्होंने कहा कि बदलते समय में युवाओं को पारंपरिक सोच से बाहर निकलकर नए और उभरते क्षेत्रों की ओर ध्यान देना होगा। इस कार्यक्रम में नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के 10 विद्यालयों से लगभग 250 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्ति को चुनौतियों का सामना करने की शक्ति देता है और आत्मविश्वास को मजबूत करता है। प्रतिस्पर्धा के इस दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि कौशल, तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक समझ भी उतनी ही जरूरी है। उन्होंने कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और स्वरोजगार के अवसरों को अपनाने पर विशेष बल दिया।

आरएस बाली ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं होना चाहिए, बल्कि व्यक्तित्व विकास, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी का निर्माण भी होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप करियर का चयन करने की सलाह दी और कहा कि निरंतर अनुशासन व सकारात्मक सोच से ही सफलता संभव है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि पीएम श्री राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ोंह को अब केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से मान्यता प्रदान कर दी गई है। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर के पाठ्यक्रम के अनुरूप शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। यह कदम शिक्षा की गुणवत्ता सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी ओर से एक-एक डायरी भी वितरित की। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय देहरी के प्रधानाचार्य सचिन कुमार, राजकीय महाविद्यालय बड़ोंह के प्रधानाचार्य, प्रधानाचार्य निखिल शर्मा, बीडीओ बड़ोंह, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।



