- ब्लॉक समिति नगरोटा, ब्लॉक समिति बड़ोह के बाद नगर परिषद नगरोटा में भी कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष निर्वाचित
- कांग्रेस की ऐतिहासिक 3-0 क्लीन स्वीप, जनता ने आर.एस. बाली के विकास मॉडल पर जताया भरोसा
नगरोटा बगवां की राजनीति में आज एक नया इतिहास दर्ज हुआ। विकास, विश्वास और जनसेवा की राजनीति को जनता ने लगातार तीसरी बार अपना समर्थन देते हुए कांग्रेस समर्थित नेतृत्व पर भरोसा जताया है। ब्लॉक समिति नगरोटा, ब्लॉक समिति बड़ोह के बाद अब नगर परिषद नगरोटा में भी कांग्रेस समर्थित कार्यकारिणी के गठन के साथ कांग्रेस ने 3-0 की ऐतिहासिक क्लीन स्वीप दर्ज कर विकास की राजनीति पर जनता की एक बार फिर मुहर लगा दी है।

इस अवसर पर पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां के विधायक आर.एस. बाली ने नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश विकास की राजनीति, जनविश्वास और नगरोटा के उज्ज्वल भविष्य के प्रति जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि नगरोटा की जनता ने स्पष्ट संदेश दिया है कि वह सकारात्मक सोच, विकास और सभी को साथ लेकर चलने वाली राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। पिछले वर्षों में विधानसभा क्षेत्र में हुए अभूतपूर्व विकास कार्यों तथा विकास की स्पष्ट कार्यशैली पर लोगों ने एक बार फिर अपना भरोसा जताया है।

नगर परिषद नगरोटा में अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित राहुल धीमान अध्यक्ष निर्वाचित हुए, जबकि उपाध्यक्ष पद पर हाल ही में कांग्रेस परिवार से जुड़ीं आशा वालिया ने 5-3 के अंतर से विजय प्राप्त की। इस अवसर पर आर.एस. बाली ने आशा वालिया और सपना कटोच का कांग्रेस परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें पार्टी का पटका पहनाकर सम्मानित किया।
आर.एस. बाली ने कहा कि कांग्रेस परिवार निरंतर मजबूत हो रहा है। समाज के विभिन्न वर्गों के लोग विकास की राजनीति से प्रभावित होकर कांग्रेस परिवार से जुड़ रहे हैं। नए साथियों के जुड़ने से संगठन को नई ऊर्जा मिलती है, वहीं वर्षों से पार्टी की विचारधारा के लिए समर्पित कार्यकर्ताओं का सम्मान और महत्व पहले से भी अधिक बढ़ता है।

उन्होंने कहा, “हम सब एक परिवार का हिस्सा हैं। चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है, लेकिन चुनाव समाप्त होने के बाद हमारी प्राथमिकता केवल विकास और जनसेवा होनी चाहिए। मेरे लिए सभी निर्वाचित प्रतिनिधि सम्माननीय हैं और चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक प्रत्याशी का भी समान सम्मान है। हम सब मिलकर बिना किसी भेदभाव के नगरोटा बगवां के विकास और जनसेवा के लिए कार्य करेंगे।”
आर.एस. बाली ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की जनता की दूरदर्शी सोच ने लगातार तीसरी बार विकास के पक्ष में स्पष्ट और निर्णायक जनादेश दिया है। ब्लॉक समिति नगरोटा में 14-1, ब्लॉक समिति बड़ोह में 10-5 और अब नगर परिषद नगरोटा में कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के निर्वाचन के साथ जनता ने विकास की राजनीति को अपना भरपूर समर्थन दिया है।
उन्होंने कहा कि यह जनादेश उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है। आने वाले समय में नगरोटा बगवां में विकास कार्यों को और अधिक गति दी जाएगी तथा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड, प्रत्येक परिवार और समाज के हर वर्ग तक विकास का लाभ पहुँचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

इससे पूर्व एसडीएम नगरोटा मुनीष शर्मा की अध्यक्षता में नगर परिषद नगरोटा के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुए। अध्यक्ष पद के लिए राहुल धीमान निर्वाचित घोषित किए गए, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में आशा वालिया ने 5-3 के अंतर से जीत दर्ज की।
बता दें कि नगरोटा बगवां की राजनीति में विधायक एवं एचपीटीडीसी के चेयरमैन आरएस बाली का प्रभाव एक बार फिर मजबूती से देखने को मिला है। नगर परिषद, नगरोटा ब्लॉक समिति और बड़ोह ब्लॉक समिति—तीनों अहम स्थानीय निकाय चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने न सिर्फ पार्टी का दबदबा स्थापित किया है, बल्कि पूरे हिमाचल में एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड भी बनाया है। लगातार तीन बड़ी जीत के बाद नगरोटा बगवां अब प्रदेश में विकास आधारित राजनीति का मॉडल बनकर उभरा है। कांग्रेस इस जीत को जनता द्वारा आरएस बाली के विकास कार्यों और नेतृत्व पर लगाई गई भरोसे की मुहर मान रही है।

नगरोटा बगवां में स्थानीय निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में कांग्रेस ने ऐसा प्रदर्शन किया है, जिसकी पूरे हिमाचल प्रदेश में चर्चा हो रही है। लगातार तीन महत्वपूर्ण चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत ने न केवल नगरोटा की राजनीति की दिशा तय की है, बल्कि इसे प्रदेश की सबसे बड़ी राजनीतिक उपलब्धियों में भी शामिल कर दिया है। नगर परिषद नगरोटा, ब्लॉक समिति नगरोटा और ब्लॉक समिति बड़ोह—तीनों संस्थाओं में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर ‘क्लीन स्वीप’ किया है।

आज नगर परिषद नगरोटा के अध्यक्ष पद पर पहले ही निर्विरोध चुने गए राहुल धीमान ने औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया, जबकि उपाध्यक्ष पद पर आशा वालिया विजयी घोषित हुईं। इस जीत के साथ नगर परिषद में कांग्रेस समर्थित नेतृत्व पूरी तरह स्थापित हो गया। इससे पहले अध्यक्ष पद के लिए राहुल धीमान निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे और अब उपाध्यक्ष के चुनाव के बाद नगर परिषद की पूरी तस्वीर साफ हो गई।

इससे पहले ब्लॉक समिति नगरोटा के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 14-1 के बड़े अंतर से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया था। वहीं ब्लॉक समिति बड़ोह में भी कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने 10-5 के अंतर से जीत दर्ज कर चेयरमैन और वाइस चेयरमैन दोनों पद अपने नाम किए थे। इन लगातार तीन सफलताओं ने नगरोटा बगवां को प्रदेश की राजनीति में नई पहचान दिलाई है।

इस मौके पर एचपीटीडीसी के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने कहा कि यह किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे नगरोटा परिवार और विकास की राजनीति की जीत है। उन्होंने कहा कि जनता ने जाति, दल और व्यक्तिगत समीकरणों से ऊपर उठकर विकास कार्यों पर भरोसा जताया है। लोगों ने जिस विश्वास के साथ कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों को समर्थन दिया है, वह नगरोटा के भविष्य के लिए सकारात्मक संदेश है।

आरएस बाली ने कहा कि नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए राहुल धीमान के नाम का सर्वसम्मति से समर्थन हुआ, जबकि उपाध्यक्ष पद के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत चुनाव संपन्न हुआ। उन्होंने सभी निर्वाचित और चुनाव लड़ने वाले पार्षदों का सम्मान करते हुए कहा कि लोकतंत्र में हर प्रत्याशी सम्मान का पात्र होता है और सभी मिलकर नगरोटा के विकास के लिए काम करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि नगरोटा बगवां में पिछले कुछ वर्षों के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, आधारभूत ढांचे और शहरी विकास से जुड़े अनेक बड़े प्रोजेक्ट शुरू हुए हैं। जनता ने इन्हीं विकास कार्यों को देखते हुए लगातार कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों पर विश्वास जताया है। उनके अनुसार यह जीत इस बात का प्रमाण है कि नगरोटा की जनता विकास आधारित राजनीति को प्राथमिकता देती है।
आरएस बाली ने दावा किया कि नगरोटा BDC, बड़ोह BDC और नगर परिषद—तीनों चुनावों में कांग्रेस की लगातार जीत पूरे हिमाचल प्रदेश में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने इसे प्रदेश की राजनीति में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सफलता नगरोटा बगवां की जागरूक जनता, पार्टी कार्यकर्ताओं और विकास में विश्वास रखने वाले प्रत्येक नागरिक के सहयोग का परिणाम है।



