➤ मस्सल पंचायत हजारों युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की नई पहचान बनी
➤ आरएस बाली ने पुस्तकालय और स्कूल विकास के लिए 9 लाख रुपये की घोषणा
➤ ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम में मौके पर सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने कहा कि मस्सल पंचायत आज हजारों युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला बन रही है। यहां स्थित राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज में इस वर्ष कंप्यूटर साइंस विभाग शुरू होना नगरोटा सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब प्रदेश के छात्र-छात्राएं कंप्यूटर साइंस की उच्च शिक्षा भी इसी संस्थान में प्राप्त कर सकेंगे।

आरएस बाली शनिवार को ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत मस्सल पंचायत पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर पंचायत प्रधान सुषमा देवी, उपप्रधान दिनेश, पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

उन्होंने कहा कि विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली की दूरदर्शी सोच के परिणामस्वरूप मस्सल पंचायत में इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना हुई। आज यह संस्थान प्रदेशभर के विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्रदान कर रहा है, जो नगरोटा विधानसभा क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

आरएस बाली ने नवनिर्वाचित पंचायत कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पंचायत के विकास में हर संभव सहयोग दिया जाएगा और सभी के सामूहिक प्रयासों से विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पंचायत भवन में आधुनिक सुविधाओं से युक्त सार्वजनिक पुस्तकालय स्थापित करने के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त स्थानीय पाठशाला का निरीक्षण करते हुए उन्होंने अधिकारियों को अतिरिक्त कमरों के निर्माण एवं विद्यालय के समग्र सौंदर्यीकरण की विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश दिए। विद्यालय में मंच निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के लिए उन्होंने 4 लाख रुपये की घोषणा भी की।

उन्होंने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों के समग्र एवं संतुलित विकास के लिए अधिकारियों को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का और अधिक विस्तार हो सके।

इससे पूर्व शुक्रवार रात्रि आरएस बाली ने धलूं में बाबा गरीब शाह मेला कमेटी द्वारा आयोजित भव्य मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने ग्रामीणों के साथ दंगल प्रतियोगिता का आनंद लिया तथा विजेता एवं उपविजेता पहलवानों को सम्मानित कर पुरस्कार वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने मेला मैदान के विकास के लिए 2 लाख रुपये तथा प्रकाश व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए 50 हजार रुपये देने की घोषणा की। साथ ही, मेला आयोजन में सराहनीय योगदान के लिए उन्होंने अपनी व्यक्तिगत निधि से बाबा गरीब शाह मेला समिति को 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की।



