➤ एचपीटीडीसी के चेयरमैन एवं विधायक आरएस बाली के निवास पर जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता
➤ प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री समेत कई मंत्री और विधायक पहुंचे
➤ आत्मीय मुलाकात में संगठनात्मक विषयों, जनहित और प्रदेश के समसामयिक मुद्दों पर हुई चर्चा
नगरोटा बगवां में रविवार को एचपीटीडीसी के चेयरमैन एवं नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली के निवास पर हिमाचल कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस प्रभारी श्रीमती रजनी पाटिल के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के कई मंत्री, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी आरएस बाली के निवास पधारे। इस दौरान सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। राजनीतिक हलकों में इस मुलाकात को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बता दें कि नगरोटा में विकास पुरुष श्री जीएस बाली बाल मेले का आयोजन भी चल रहा है।

आरएस बाली के निवास स्थान पर र पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय कुमार, लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह, उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, वरिष्ठ नेता एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व राज्यसभा सांसद विप्लव ठाकुर, विधायक कुलदीप सिंह राठौर, आशीष बुटेल, भवानी सिंह पठानिया, सुदर्शन बबलू, विवेक शर्मा, चंद्रशेखर, एचआरटीसी के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, पूर्व विधायक अजय महाजन, पूर्व विधायक एवं पूर्व सीपीएस सुरिंदर काकू सहित अन्य सम्मानित जन उपस्थित रहे।

मुलाकात के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, प्रदेश के समसामयिक राजनीतिक परिदृश्य तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। नेताओं ने आपसी समन्वय को और मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श किया। बैठक का माहौल पूरी तरह आत्मीय और सौहार्दपूर्ण रहा।

आरएस बाली ने सभी वरिष्ठ नेताओं का स्वागत करते हुए कहा कि वरिष्ठ नेतृत्व का मार्गदर्शन संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार का संवाद संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ जनता के हितों के लिए बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी सहायक सिद्ध होगा।




