Follow Us:

जनता ऊपर इंद्र और नीचे सुखविंदर से हो गई है परेशान: सतपाल सत्ती


➤ थुनाग से हॉर्टिकल्चर कॉलेज शिफ्ट करने और FIR पर उठाए सवाल
➤ गो तस्करी, कानून व्यवस्था और पुनर्नियुक्ति मामलों में सरकार को घेरा


हिमाचल बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष और विधायक सतपाल सत्ती ने शिमला में एक तीखी प्रेस वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर करारा तंज कसा। उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता इस वक्त दो तरफा मार झेल रही है – ऊपर से इंद्र की बारिश और नीचे से सुखविंदर सरकार की नीतियां। सत्ती बोले, “राजा के ग्रह जनता पर भारी पड़ रहे हैं, ऐसे में अब राजा को बदलने की जरूरत है।

उन्होंने थुनाग से हॉर्टिकल्चर कॉलेज को शिफ्ट करने के निर्णय को आपदा की आड़ में लिया गया राजनीतिक निर्णय बताया और कहा कि यह क्षेत्रीय भेदभाव का उदाहरण है। सत्ती ने बताया कि पूर्व जयराम सरकार ने इस कॉलेज के लिए 205 बीघा जमीन और 10 करोड़ रुपए का बजट स्वीकृत किया था, लेकिन कांग्रेस सरकार ने न तो निर्माण किया न ही जनता से संवाद, बल्कि अब अधिसूचना जारी कर कॉलेज को स्थानांतरित कर दिया है।

सत्ती ने राजस्व मंत्री के दौरे पर जनता के विरोध और फिर 60 से अधिक लोगों पर FIR दर्ज करने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि जब जनता अपने अधिकारों की बात करती है तो सरकार उसे दबाने का काम कर रही है।

गो-तस्करी के बढ़ते मामलों पर भी सत्ती ने चिंता जताई और कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है, लेकिन सरकार मौन है। इसके अलावा उन्होंने विमल नेगी मौत मामले में आरोपी अफसर देशराज को HPPCL में दोबारा नियुक्त करने को भी शर्मनाक बताते हुए कहा कि न्यायालय से झाड़ खा चुके अधिकारियों को पुरस्कृत करना सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।

ऊना के पेखुवाला में 240 करोड़ का प्रोजेक्ट ठप पड़ने का मामला उठाते हुए सत्ती ने कहा कि हिमाचल को अब एक नई राजनीतिक दिशा और जवाबदेह नेतृत्व की जरूरत है।