Follow Us:

हाईकोर्ट के स्थाई न्यायाधीश बने सत्येन वैद्य, पद-गोपनीयता की ली शपथ

माननीय न्यायाधीश हाईकोर्ट सत्येन वैद्य को उनकी स्थायी नियुक्ति पर राज्यपाल राजेन्द्र आर्केलर ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई।

पी. चंद |

शिमला: माननीय न्यायाधीश हाईकोर्ट सत्येन वैद्य को उनकी स्थायी नियुक्ति पर राज्यपाल राजेन्द्र आर्केलर ने पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस शपथ ग्रहण समारोह में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शहरी विकास मंत्री, उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश सहित सभी न्यायाधीश, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के एडवोकेट जनरल अशोक शर्मा , मुख्य सचिव सहित कई गणमान्य लोग शामिल थे।

न्यायमूर्ति सत्येन वैद्य का जन्म 22 दिसम्बर, 1963 को हिमाचल प्रदेश के मंडी में हुआ। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा लेडी इरविन स्कूल शिमला और राजकीय छात्र वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला लालपानी शिमला से ग्रहण की है। उन्होंने राजकीय डिग्री महाविद्यालय शिमला से स्नातक और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से कानून की डिग्री प्राप्त की। वह वर्ष 1986 में बार काउंसिल ऑफ हिमाचल प्रदेश के साथ एक वकील के रूप में नामित हुए।

उन्होंने जिला न्यायालयों और उच्च न्यायालयों की कानून की सभी शाखाओं में अभ्यास किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड, हिमाचल प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम, नगर निगम शिमला और अन्य विभिन्न बोर्डों, निगमों और समितियों के लिए कानूनी सलाहकार एवं स्थायी अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। उन्होंने हिमाचल प्रदेश सरकार के साथ-साथ निजी पार्टियों के लिए मध्यस्थता की और उन्होंने कई मामलों में प्रशिक्षित मध्यस्थ के रूप में काम किया। वह विभिन्न कानूनी सहायता कार्यक्रमों से सक्रिय रूप से जुड़े रहे।

सत्येन वैद्य ने हिमाचल प्रदेश न्यायिक अकादमी और हिमाचल लोक प्रशासन संस्थान में अतिथि के रूप में व्याख्यान दिए। उन्हें कई मामलों में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा न्याय मित्र के रूप में नियुक्त किया गया तथा 2015 में वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित हुए। वह हिमाचल प्रदेश के माननीय उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए और 26 जून, 2021 को पद ग्रहण किया।