-
बच्चों को भीगते हुए स्कूल जाना पड़ा, फसलों को भी नुकसान
-
अगले 6 दिन तक मौसम खराब, 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी
Himachal weather alert: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में मंगलवार सुबह तेज बारिश के कारण आम जनजीवन प्रभावित हो गया। स्कूल जाने वाले बच्चों को भीगते हुए स्कूल पहुंचना पड़ा। लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने दोपहर 12 बजे तक शिमला, सिरमौर, मंडी, बिलासपुर और सोलन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। चेतावनी दी गई है कि इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज तूफान, बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।
बीती रात को भी प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बरसात हुई और कुछ क्षेत्रों में ओले गिरे, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। शिमला जिला के जुब्बल क्षेत्र में ओलावृष्टि से सेब की फसल को नुकसान पहुंचा है। इस मौसम के अचानक बदले मिजाज से चंबा जिले का तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री तक गिरकर 29.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
नारकंडा और कुफरी जैसे पर्यटन स्थलों में भी तापमान में 4.7 और 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे मौसम ठंडा और सुहावना हो गया है। इस समय प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे है, जिससे गर्मी से राहत मिल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 दिन तक मौसम खराब रहने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं।
आज के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर और शिमला जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि कल लाहौल-स्पीति को छोड़कर सभी जिलों में बारिश, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
5 और 6 मई को तेज बारिश की संभावना सबसे अधिक है और मौसम विभाग ने 7 मई तक खराब मौसम रहने का अनुमान जताया है। इससे तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट आने की आशंका है और आम लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिल सकती है।



