Follow Us:

शांता बोले- सब मिलकर प्रयत्न करें तो हिमाचल बन सकता है देश का सबसे उन्नत प्रदेश

मृत्युंजय पुरी |

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल के लिए आज का सयम इतिहास का एक सुनहरी समय है। छोटे से प्रदेश के युवा नेता जगत प्रकाश नड्डा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। हिमाचल के होनहार युवा नेता अनुराग ठाकुर अपनी योग्यता के कारण थोड़े समय में राज्य मंत्री से पदोन्नत होकर एक महत्वपूर्ण विभाग के केबिनेट मंत्री बन गए हैं। प्रदेश के तीसरे युवा नेता जयराम ठाकुर कुशलता से हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री का दायित्व निभा रहे हैं। 

शांता ने कहा कि पूरे देश में अधिकतर प्रदेशों में भाजपा की सरकार है। केंद्र में भी हिमाचल का विशेष ध्यान रखने वाले नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता और विपक्ष से अपील की है कि इस सुनहरी समय का पूरा लाभ उठाकर हिमाचल प्रदेश को और अधिक विकसित करें। यदि सब मिलकर प्रयत्न करेंगे तो थोड़े ही समय में हिमाचल भारत का सबसे अधिक उन्नत प्रदेश बन सकता है। 

उन्होंने कहा कि भाजपा ने जन आशीर्वाद यात्रा का एक सराहनीय कार्य पूरे देश में शुरू किया है। केबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर आशीर्वाद यात्रा लेकर हिमाचल आ रहे हैं। उन्होंने सबसे अपील की है कि अनुराग ठाकुर का जोरदार स्वागत करें। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि स्वागत समारोह में कोविड सावधानियों का भी पूरा ध्यान रखें।