Follow Us:

शिमला सड़क हादसा: खाई में गिरी आल्टो कार, 2 की मौत

शिमला के चौपाल उपमंडल में आल्टो कार 100 मीटर गहरी खाई में गिरी, 2 लोगों की मौत

किरी-नाव संपर्क मार्ग पर हुए हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने संयुक्त रूप से राहत-बचाव अभियान चलाया

नेरवा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू की


हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंचायत पुजारली के दोछी के पास किरी-नाव संपर्क मार्ग पर एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नरेश कुमार, पुत्र अनंत राम, निवासी गांव दोछी, डाकघर रूसलाह, तहसील नेरवा और जितेंद्र, पुत्र धाजू राम, निवासी चाड़चधार धबास के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, नरेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) में मल्टी टास्क वर्कर के पद पर कार्यरत थे। हादसे की सूचना मिलते ही नेरवा थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।