Follow Us:

शिमला में ASI ने टैक्सी ड्राइवर को लात मारी, वीडियो वायरल होने पर सस्पेंड


SP गौरव सिंह ने लिया संज्ञान, शुरू हुई अनुशासनात्मक कार्रवाई
वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान पार्किंग विवाद बना झगड़े की वजह


शिमला में पुलिस के व्यवहार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। ताजा मामले में ASI रैंक के एक पुलिस अधिकारी द्वारा एक टैक्सी ड्राइवर को लात मारने का वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के सामने आते ही SP शिमला गौरव सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को सस्पेंड कर दिया है और उसके खिलाफ डिसिप्लेनरी एक्शन शुरू कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह विवाद तवी मोड़ पर उस समय हुआ जब पुलिस अधिकारी ने ड्राइवर को सड़क किनारे खड़ी कार और बाइक हटाने के लिए कहा। इस दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। ड्राइवर ने जब अधिकारी से उसका नाम पूछा, तो वह आपा खो बैठा और गुस्से में आकर ड्राइवर को लात मार दी। पूरी घटना ड्राइवर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है।

बताया जा रहा है कि घटना के समय शहर में राष्ट्रपति की वीवीआईपी मूवमेंट चल रही थी, जिसके चलते कई स्थानों पर ट्रैफिक रोका गया था और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाया जा रहा था। संबंधित ड्राइवर आशीष कुमार ने दावा किया कि वह अकेला था और एक समय में केवल एक ही वाहन हटा सकता था, लेकिन पुलिस ने उस पर दबाव बनाया और बाद में मारपीट की।

वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पुलिस के इस व्यवहार पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है और सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

गौरतलब है कि यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी शिमला में एक पत्रकार के साथ पुलिसकर्मी द्वारा बदसलूकी का मामला सामने आ चुका है, जब राज्यसभा चुनाव के दौरान विधायकों को यहां लाया गया था। उस समय भी पुलिस के रवैये की आलोचना हुई थी और कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था।

इस ताजा घटना के बाद एक बार फिर पुलिस की जवाबदेही और अनुशासन को लेकर चर्चा तेज हो गई है।