➤ रोहड़ू एसडीएम दफ्तर और अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, पोस्टर मिलने से हड़कंप
➤ पुलिस ने तुरंत खाली करवाए दफ्तर, बम निरोधक दस्ता तैनात
➤ एफआईआर दर्ज, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज
शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी में उस समय सनसनी फैल गई जब रोहड़ू के एसडीएम कार्यालय और जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी वाले पोस्टर सामने आए। यह पोस्टर शिमला के भराड़ी क्षेत्र में लगाए गए पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, अज्ञात व्यक्ति द्वारा लगाए गए पोस्टर में दोनों सरकारी संस्थानों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए रोहड़ू एसडीएम कार्यालय और अदालत परिसर को तुरंत खाली करवा दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।
एएसपी (शहर) मेहर पंवर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने बम निरोधक दस्ते के साथ पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की गई और एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की सड़कों पर आवाजाही को भी नियंत्रित किया गया, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
पुलिस ने इस मामले में सदर थाना में एफआईआर दर्ज कर ली है और अब सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।



