Follow Us:

ढ़ाई साल के मासूम ने स्‍कूल में कर दी ‘पॉटी’, शिक्षक ने कर दी पिटाई, सीएम तक पहुंचा मामला से शिकायत

चियोग स्कूल में ढाई साल के बच्चे को टीचर द्वारा थप्पड़ मारने का आरोप
पिता ने शिक्षा मंत्री और सीएम पोर्टल पर शिकायत कर कार्रवाई की मांग की
प्रिंसिपल ने जांच के आदेश दिए, स्कूल व्यवस्था पर उठे सवाल



शिमला जिला के चियोग स्थित एक सरकारी स्कूल में ढाई साल के मासूम बच्चे की पिटाई का मामला सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। बच्चे के पिता गोपाल शर्मा ने इस घटना को लेकर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर और सीएम पोर्टल पर लिखित शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित पिता के अनुसार, उनका छोटा बच्चा स्कूल में पढ़ाई के दौरान ‘पॉटी’ कर बैठा, जिस पर कथित तौर पर जेबीटी शिक्षक विनोद बरागटा ने उसे थप्पड़ मार दिया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद बच्चा काफी डर गया है और बार-बार रोते हुए उसी घटना को याद कर रहा है। थप्पड़ के निशान भी कुछ समय तक बच्चे के गाल पर दिखाई देते रहे, जिससे परिजनों की चिंता और बढ़ गई है।

परिवार द्वारा साझा किए गए वीडियो में भी बच्चा खुद यह कहते हुए नजर आ रहा है कि “मेम ने पिटाई करी”, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पिता का आरोप है कि जब उन्होंने इस संबंध में स्कूल प्रिंसिपल से शिकायत की, तो संबंधित शिक्षक ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और शिकायत करने पर धमकी दी, यहां तक कि बच्चे को स्कूल न भेजने की बात भी कही।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद स्कूल प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। स्कूल के प्रिंसिपल संदीप शर्मा ने बताया कि उन्हें शिकायत प्राप्त हुई है और उन्होंने संबंधित शिक्षक से जवाब मांगा है। शिक्षक की ओर से बताया गया कि बच्चे ने दूसरे बच्चे को गंदा कर दिया था, जिसके बाद यह स्थिति बनी। हालांकि, प्रिंसिपल ने स्पष्ट किया कि मामले की विस्तृत जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होगी

इस घटना ने स्कूलों में छोटे बच्चों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतने छोटे बच्चों को कक्षा में बिना उचित निगरानी के छोड़ना भी बड़ी लापरवाही है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मामले में सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।