➤ संजौली हेलीपोर्ट से हेली टैक्सी सेवाओं का शुभारंभ
➤ चंडीगढ़-शिमला, शिमला-कुल्लू व रिकांगपिओ रूट शुरू
➤ पर्यटन और कनेक्टिविटी को मिलेगा बड़ा बढ़ावा
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से चंडीगढ़, कुल्लू और रिकांगपिओ के लिए हेली टैक्सी सेवाएं शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने संजौली हेलीपोर्ट से हरी झंडी दिखाकर इन सेवाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर हेलीकॉप्टर को वाटर कैनन सल्यूट भी दिया गया।

इन उड़ानों के शुरू होने से प्रदेश में पर्यटन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है। अब देशभर से आने वाले पर्यटक चंडीगढ़ से सीधे शिमला और शिमला से कुल्लू, मनाली व रिकांगपिओ तक हेलीकॉप्टर से यात्रा कर सकेंगे।
राज्य सरकार ने हेली टैक्सी सेवाओं के लिए दो कंपनियों से करार किया है।
हेरिटेज एविएशन – शिमला (संजौली) से कुल्लू व रिकांगपिओ
पवन हंस लिमिटेड – चंडीगढ़ से शिमला
यह सेवाएं उड़ान योजना के तहत शुरू की गई हैं। इसके संचालन का 80% खर्च केंद्र सरकार और 20% खर्च राज्य सरकार उठाएगी।
उड़ानों की समय-सारणी इस प्रकार है:
• शिमला से कुल्लू (भुंतर) – रोजाना 2 उड़ान
• चंडीगढ़ से शिमला – सप्ताह में 3 दिन (सोमवार, शुक्रवार, शनिवार)
• शिमला से रिकांगपिओ – रोजाना 1 उड़ान
मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही संजौली से रामपुर-रिकांगपिओ और संजौली से मनाली (सासे हेलीपैड) के लिए भी सेवाएं शुरू की जाएंगी। इसके लिए DGCA को प्रस्ताव भेजे गए हैं।
सरकार हर जिला मुख्यालय और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हेलीपोर्ट निर्माण कर रही है।
हमीरपुर (जसकोट), कांगड़ा (रक्कड़, पालमपुर) और चंबा में चार हेलीपोर्ट का निर्माण मार्च-अप्रैल तक पूरा होने की उम्मीद है। प्रत्येक हेलीपोर्ट पर लगभग 15 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
संजौली हेलीपोर्ट का शिलान्यास 13 सितंबर 2017 को हुआ था और इसका निर्माण 15.86 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।



