➤ तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन पर 64 ग्राम चिट्टा बरामद
➤ दो अलग मामलों में कुल चार आरोपी पुलिस गिरफ्त में
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में नशे के खिलाफ चल रहे पुलिस अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक युवक और युवती को होटल से चिट्टे सहित पकड़ा गया, जबकि दूसरे मामले में दो युवकों के कब्जे से 64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद की गई है।
पहला मामला ठियोग थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार रविवार शाम को पुलिस टीम क्षेत्र में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान सूचना मिली कि शाली बाजार स्थित एक निजी होटल में ठहरे युवक और युवती के पास मादक पदार्थ मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत होटल में दबिश दी।
पुलिस ने होटल प्रबंधन से कमरे की जानकारी लेकर तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान कमरे से करीब तीन ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान जोगेंद्र वेकटा उर्फ दादा निवासी सरोग तहसील ठियोग और एक युवती निवासी फागू के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाए थे।
वहीं दूसरे मामले में पश्चिम शिमला पुलिस और स्पेशल सेल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 10 मई को तारादेवी-टुटू बाईफरकेशन के पास नाकाबंदी के दौरान एक कार को रोका। तलाशी लेने पर वाहन से 64 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) और नकद राशि बरामद हुई।
पुलिस को पहले से गुप्त सूचना मिली थी कि शोघी की ओर से दो व्यक्ति भारी मात्रा में चिट्टा लेकर शिमला आ रहे हैं और स्थानीय युवाओं को सप्लाई करने वाले हैं। सूचना मिलते ही स्पेशल सेल और पश्चिम शिमला पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए वाहन को पकड़ लिया।
आरोपियों की पहचान कर्ण (35) निवासी कलस्टन शिमला और कर्ण वर्मा (30) निवासी ठियोग के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना पश्चिम शिमला में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टे की खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। लगातार बढ़ती कार्रवाई के बीच पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशा तस्करी या सेवन से जुड़ी कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
गौरतलब है कि हिमाचल में चिट्टा नेटवर्क को लेकर सरकार और पुलिस लगातार सख्त रुख अपनाए हुए हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने भी नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति की घोषणा करते हुए कई बड़े फैसले लिए हैं।



