Follow Us:

Shimla मॉल रोड पर शर्मनाक हरकत… साधु के भेष में लड़कियों से बैड टच!

शिमला मॉल रोड पर लड़कियों से बैड टच, साधु के भेष में आरोपी गिरफ्तार
वायरल VIDEO से पहचान, राजस्थान का निकला आरोपी नारायण दास
पॉश इलाके में घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल



हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के सबसे व्यस्त और पॉश इलाके मॉल रोड पर महिलाओं से छेड़छाड़ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साधु के भेष में एक व्यक्ति द्वारा राह चलती लड़कियों को अनुचित तरीके से छूने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सोशल मीडिया पर जारी वीडियों में नजर आता साधु।

पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान नारायण दास के रूप में हुई है, जो राजस्थान के जमदोली गांव का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि वह पहले भी साल 2025 में शिमला आया था और इस बार दोबारा घूमने पहुंचा था। घटना के बाद वह वापस कालका जाने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे हिरासत में ले लिया और उसके खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी नंगे पांव साधु के वेश में मॉल रोड पर घूम रहा है और राह चलती लड़कियों को पीछे से बैड टच कर आगे बढ़ जाता है। यह वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

घटना की गंभीरता इसलिए भी बढ़ जाती है क्योंकि यह जगह पुलिस कंट्रोल रूम से मात्र 100 मीटर, सदर थाना से 200 मीटर, एसपी ऑफिस से 500 मीटर और पुलिस मुख्यालय से करीब 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। ऐसे में लोगों ने लॉ एंड ऑर्डर और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को ढूंढ निकाला है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है

इस घटना ने एक बार फिर राजधानी के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में महिला सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रोजाना सैकड़ों पर्यटक और स्थानीय लोग यहां आते हैं, ऐसे में इस तरह की घटना ने पुलिस की सतर्कता और व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।